Mamata Banerjee Knife Attack Attempt: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मंगलवार शाम चाकू से हमले की कोशिश की गई। घटना शाम करीब 6 बजे कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके आवास के पास की है। ममता बनर्जी दुर्गा पंडाल का उद्घाटन करने जा रही थीं, तभी एक महिला चाकू लेकर उनकी ओर बढ़ी। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) की पूर्व राज्यसभा सांसद डोला सेन ने इस मामले में FIR दर्ज कराई है। FIR के मुताबिक, आरोपी महिला का नाम तनिष्ठा साहा है। डोला सेन ने आरोप लगाया कि महिला नशे की हालत में थी और गाली-गलौज करते हुए चाकू लेकर ममता बनर्जी की ओर बढ़ रही थी।
डोला सेन ने FIR दर्ज कराई
TMC की पूर्व राज्यसभा सांसद डोला सेन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कोलकाता के कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास के बाहर एक महिला ने उन पर हमला करने की कोशिश की। शिकायत के मुताबिक, महिला गाली-गलौज कर रही थी और नशे की हालत में आक्रामक तरीके से ममता बनर्जी की ओर बढ़ रही थी। TMC ने इस घटना को लेकर अपनी नेता की सुरक्षा पर चिंता जताई है।
West Bengal: TMC MP Dola Sen filed a police complaint alleging that a woman attacked Former CM Mamata Banerjee outside her residence in Kalighat, Kolkata. She was hurling abusive language and, in an intoxicated manner, tried to violently approach Mamata Banerjee. The party has filed the complaint and raised concerns over the security of its leader.
— ANI (@ANI) October 13, 2026
महिला ने खुद को ममता बनर्जी की भतीजी बताया
डोला सेन के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर खुद को ममता बनर्जी की भतीजी बताया। उसने ममता बनर्जी के पास पहुंचने की कोशिश की और सड़क पर लेटकर हंगामा भी किया।
डोला सेन ने कहा कि ममता बनर्जी को Z+ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। ऐसे में उनके आवास के पास किसी व्यक्ति का चाकू लेकर पहुंचना चिंता का विषय है। उन्होंने घटना के पीछे साजिश की आशंका भी जताई।
Disturbing incident. At 6 PM, one Tannishtha Saha, reportedly a Civic Volunteer, attempted to murder our former Chief Minister, @MamataOfficial, a Z+ category protectee with a knife.
Speaks volumes about the state of Law and Order under the @SuvenduWB administration. https://t.co/Mc7yNLh0u4
— Nilanjan Das (@NilanjanDasAITC) October 13, 2026
साकेत गोखले ने BJP पर साजिश का आरोप लगाया
तृणमूल कांग्रेस के नेता साकेत गोखले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि चाकू लेकर पहुंची एक महिला ने ममता बनर्जी के आवास के पास उन पर हमला करने की कोशिश की।
उन्होंने ममता बनर्जी की Z+ सुरक्षा का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकीं ममता बनर्जी भी सुरक्षित नहीं हैं। गोखले ने इस घटना के पीछे बीजेपी की साजिश होने की आशंका जताई और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है और पूछा कि पुलिस कार्रवाई करेगी या नहीं।
SHOCKING NEWS:
A drug addict reached Mamata Banerjee’s residence today and tried to attack her with a knife.
This is the condition in Bengal where even a Z+ protectee & 3-time CM is not safe.
Was this a planned conspiracy by BJP because Didi is determined to finish them off in Delhi?
A complaint has been filed. Will the police act or was this sanctioned by Amit Shah?
— Saket Gokhale (@SaketGokhale) October 13, 2026
पुलिस बोली- महिला से पूछताछ जारी, वीडियो की जांच होगी
पुलिस ने PTI को बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के वीडियो फुटेज की जांच की जाएगी। मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ममता बनर्जी पर पहले भी हो चुके हैं हमले
ममता बनर्जी पर पहले भी हमले और उनके काफिले को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें कुछ घटनाओं में उन्होंने खुद हमले का आरोप लगाया था, जबकि कुछ मामलों में अलग-अलग दावे सामने आए थे।
1. 9 अगस्त 2026- हालीशहर में काफिले को घेरा गया
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हालीशहर में ममता बनर्जी के काफिले को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया था। रिपोर्टों के मुताबिक, वाहनों पर कीचड़ लगाया गया और जूते-चप्पल व पानी की बोतलें फेंकी गईं।
2. 10 मार्च 2021- नंदीग्राम में पैर में चोट
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उन्हें धक्का दिया और उनकी कार के दरवाजे पर हमला किया। उनके पैर में चोट आई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, चुनाव आयोग को भेजी गई पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट में घटना को हमला नहीं, बल्कि दुर्घटना बताया गया था।
3. 9 अगस्त 2010- काफिले की कार को ट्रक ने मारी टक्कर
रेल मंत्री रहते हुए लालगढ़ की रैली से लौटते समय ममता बनर्जी के काफिले की एक कार को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। ममता बनर्जी ने इसे अपनी जान लेने की कोशिश बताया था। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि स्पष्ट नहीं थी।
4. 10 जनवरी 2001- काफिले पर देसी बमों से हमले की खबर
पश्चिम मेदिनीपुर के छोटा आंगरिया जाते समय ममता बनर्जी के काफिले पर देसी बमों से हमला किए जाने की खबर सामने आई थी। उस समय ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में विपक्ष की प्रमुख नेताओं में शामिल थीं।
5. 16 अगस्त 1990- सिर पर लाठी से हमला
कोलकाता के हाजरा इलाके में ममता बनर्जी पर हमला हुआ था। उस समय वह कांग्रेस में थीं। रिपोर्टों के मुताबिक, DYFI नेता लालू आलम ने उनके सिर पर लाठी से वार किया था, जिससे उनकी खोपड़ी में फ्रैक्चर हुआ था। ममता बनर्जी करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रही थीं।
ये भी पढ़ेंः ओम माथुर, सुधा यादव और ढाल सिंह बिसेन समेत 6 नेताओं को बनाया गया राज्यपाल, जानें किसे मिला कौन-सा राज्य?






