Russia Agricultural Exports to India: साल 2026 के पहले नौ महीनों में रूस से भारत को होने वाले कृषि निर्यात में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस वृद्धि की मुख्य वजह सूरजमुखी तेल का निर्यात रहा है। जनवरी से सितंबर के बीच रूस से भारत को कृषि उत्पादों का निर्यात 1.3 मिलियन टन तक पहुंच गया, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 11% अधिक है।
कुल 1.45 अरब डॉलर के कृषि निर्यात में अकेले सूरजमुखी तेल की हिस्सेदारी 1.2 अरब डॉलर रही। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में काला सागर (ब्लैक सी) के बंदरगाहों पर हुए हमलों के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रूस-यूक्रेन संघर्ष के चलते भारत आने वाले करीब 60,000 टन सूरजमुखी तेल की खेप में देरी हुई। इसके चलते नवंबर में आने वाले त्योहारों के सीजन को देखते हुए भारत को पाम ऑयल की खरीद बढ़ानी पड़ी।
ये भी पढ़ेंः इजराइल में आज संसदीय चुनाव के लिए वोटिंग: नेतन्याहू को गादी आइजनकोट की चुनौती, सरकार बनाने के लिए 61 सीटें जरूरी
2024 के बाद दूसरा सबसे ऊंचा स्तर
जनवरी से सितंबर के बीच रूस से भारत को कृषि उत्पादों की शिपमेंट का आंकड़ा 2024 के बाद अब तक का दूसरा सबसे ऊंचा स्तर रहा। साल 2024 में इसी अवधि के दौरान 2.5 मिलियन टन कृषि उत्पादों का निर्यात दर्ज किया गया था।
दोनों देशों के बीच कुल व्यापार 1.7 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। भारत और रूस ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
रूस ने व्यापार बढ़ाने पर दिया जोर
रूस की स्टेट ड्यूमा के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोदिन ने रविवार को बताया कि इस साल अब तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार में 20% से अधिक की वृद्धि हुई है।
वोलोदिन ने व्यापार को और बढ़ावा देने के लिए कारोबारी बाधाओं को दूर करने और संयुक्त उपक्रमों (जॉइंट वेंचर्स) का विस्तार करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
ये भी पढ़ेंः दिल्ली में चक्रवात अर्नब का असर? सुबह से बूंदाबांदी, अगले दो दिन गिर सकता है पारा






