नई दिल्ली: दिल्ली में दिवाली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में पटाखे जलाते समय रॉकेट लगने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रॉकेट आसमान में जाने के बजाय सीधे बच्चे के पेट में जा लगा। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
पटाखे जलाते समय हुआ हादसा
यह घटना बाहरी दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी की है। परिजनों के मुताबिक, रविवार को दिवाली पर पूजा-पाठ के बाद परिवार के लोग पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान 10 साल का बच्चा भी रॉकेट छोड़ रहा था।
बताया गया है कि रॉकेट आसमान की ओर जाने के बजाय अचानक बच्चे के पेट में जा लगा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल की ओर भागे।
राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन घायल बच्चे को आनन-फानन में नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजन भड़क गए और अस्पताल में हंगामा करने लगे।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि समय पर उचित इलाज मिलता तो बच्चे की जान बच सकती थी। हालांकि, अस्पताल में लापरवाही के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता की तबीयत बिगड़ी
बच्चे की मौत की खबर सुनकर अस्पताल पहुंचे उसके पिता की तबीयत भी बिगड़ गई। जिस घर में दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ेंः दिवाली के बाद दिल्ली-NCR की हवा जहरीली, AQI 418 पहुंचा; MP के 14 शहरों में पारा 14°C से नीचे, UP में घना कोहरा






