Trump Iran Attack Threat: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ एक बार फिर सैन्य कार्रवाई की संभावना जताई है। शुक्रवार को फ्लोरिडा में एक रैली के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ एक और छोटा सैन्य ऑपरेशन ‘एपिक फ्यूरी’ चला सकता है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि संभावित हमला कब और किस तरह किया जाएगा।
दूसरी ओर, ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका और इजराइल ने उस पर दोबारा हमला किया तो वह खाड़ी क्षेत्र में समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबल को निशाना बना सकता है। इन केबलों को नुकसान पहुंचने से इंटरनेट सेवाओं के साथ बैंकिंग, ऑनलाइन कारोबार और क्लाउड सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।
ट्रंप बोले- युद्ध जल्दी खत्म कर सकते हैं
इससे पहले ट्रंप ने व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि अमेरिका इस युद्ध को बहुत जल्द खत्म कर सकता है। उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि अमेरिका युद्ध को पूरी तरह समाप्त करना चाहता है या इसे धीरे-धीरे कमजोर पड़ने देना चाहता है।
ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट से तेल की आवाजाही जारी रहने की बात भी कही। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘हमें वह सब मिल रहा है, जो हम चाहते हैं।’
अमेरिकी सेना ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ शुरू किए गए सैन्य अभियान को ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ नाम दिया था। अब ट्रंप के ताजा बयान से ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई की आशंका बढ़ गई है।
मिडटर्म चुनाव से पहले हमला नहीं करने की बात कह चुके हैं ट्रंप
ट्रंप युद्ध खत्म करने और आगे की सैन्य कार्रवाई को लेकर पहले भी अलग-अलग बयान दे चुके हैं। अक्टूबर की शुरुआत में उन्होंने कहा था कि अमेरिका 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले ईरान पर हमला नहीं करेगा।
इन चुनावों से तय होगा कि अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में किस पार्टी का नियंत्रण रहेगा।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की 21 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी और इजराइली सेनाओं ने मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान पर दोबारा हमले की योजना बनाई है। रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि संभावित निशानों में ईरान के ऊर्जा ठिकाने, परमाणु केंद्र और मिसाइलों व ड्रोन का भंडार शामिल हो सकते हैं।
हालांकि, संभावित हमले को लेकर अमेरिकी प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई गई है।
फ्रांस और तुर्किये ने नए हमले के खिलाफ चेताया
ईरान पर दोबारा सैन्य कार्रवाई की आशंका के बीच कई देशों ने चिंता जताई है। शुक्रवार को विभिन्न देशों के विदेश मंत्रियों ने चेतावनी दी कि नया हमला संघर्ष को पूरे क्षेत्र में फैला सकता है और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसका असर बढ़ सकता है।
तुर्किये: विदेश मंत्री हाकान फिदान ने कहा कि ईरान पर नया हमला तनाव बढ़ा सकता है और युद्ध दूसरे देशों तक फैल सकता है। उन्होंने संघर्ष खत्म करने के लिए बातचीत और कूटनीति पर जोर दिया।
फ्रांस: विदेश मंत्री ज्यां-नोएल बारो ने तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाई से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच टकराव बढ़ने से किसी को फायदा नहीं होगा। इससे तेल और गैस की कीमतों पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।
जर्मनी: विदेश मंत्री योहान वाडेफुल ने कहा कि जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन ईरान के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं, ताकि उसे परमाणु हथियार हासिल करने से रोका जा सके।
ईरान ने इंटरनेट केबल काटने की योजना बनाई
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के दो वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका और इजराइल के नए हमले की स्थिति में समुद्र के नीचे बिछी संचार केबल को निशाना बनाने की योजना है। हालांकि, अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि केबल पर हमला कहां और किस तरीके से किया जाएगा।
एक अधिकारी के मुताबिक, ईरान केबलों को नुकसान पहुंचाने के साथ उनकी मरम्मत में भी बाधा डाल सकता है। इससे इंटरनेट और दूसरी संचार सेवाएं लंबे समय तक प्रभावित हो सकती हैं।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के राजनीतिक मामलों के उप प्रमुख यदुल्लाह जवानी ने बुधवार को कहा था कि अगर ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला हुआ तो वह होर्मुज स्ट्रेट के नीचे से गुजरने वाली सात प्रमुख इंटरनेट केबल को निशाना बना सकता है।
वहीं, ईरानी अधिकारी मोहसिन रजाई ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका से जुड़े डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सुविधाओं पर हमले की चेतावनी दी है।
इंटरनेट केबल कटने से क्या होगा?
समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबल दुनिया भर के देशों के बीच डिजिटल संचार का प्रमुख माध्यम हैं। इनके जरिए अंतरराष्ट्रीय इंटरनेट ट्रैफिक का बड़ा हिस्सा एक देश से दूसरे देश तक पहुंचता है।
1. दुनिया का करीब 99% इंटरनेट ट्रैफिक: संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी इंटरनेशनल टेलीकम्युनिकेशन यूनियन (ITU) के मुताबिक, दुनिया का लगभग 99% अंतरराष्ट्रीय इंटरनेट ट्रैफिक समुद्र के नीचे बिछी केबलों से गुजरता है। ये केबल अलग-अलग देशों और महाद्वीपों को जोड़ती हैं।
2. पूरी दुनिया का इंटरनेट बंद होने की आशंका नहीं: टेली जियोग्राफी के रिसर्च डायरेक्टर एलन मौल्डिन के मुताबिक, होर्मुज क्षेत्र से दुनिया की 1% से भी कम अंतरराष्ट्रीय इंटरनेट क्षमता गुजरती है। इसलिए यहां केबल कटने से वैश्विक इंटरनेट पर सीधा असर सीमित रह सकता है।
3. बैंकिंग और ऑनलाइन कारोबार पर असर: अगर एक साथ कई केबल क्षतिग्रस्त होती हैं तो प्रभावित क्षेत्रों में इंटरनेट धीमा हो सकता है। बैंकिंग, ऑनलाइन खरीदारी और क्लाउड सेवाओं में भी परेशानी आ सकती है।
4. मरम्मत में देरी से बढ़ सकती है समस्या: युद्ध के दौरान समुद्र के नीचे बिछी केबलों की मरम्मत करना मुश्किल हो सकता है। बीमा की बढ़ती लागत और जरूरी मंजूरियों में देरी के कारण इंटरनेट सेवाएं लंबे समय तक प्रभावित रह सकती हैं।






