सोनीपतः हरियाणा में स्कूली छात्रों के बीच मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पंचकूला के स्कूल में बच्ची के साथ मारपीट का मामला अभी सुर्खियों में है। इसी बीच सोनीपत के बहालगढ़ स्थित एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच सहपाठियों ने मिलकर छात्र को बेरहमी से पीटा। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और अस्पताल में डॉक्टरों को टांके लगाने पड़े। घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने पांचों आरोपी छात्रों को सस्पेंड कर दिया है।
जैकेट से सिर ढंककर छात्र को पीटा
घायल छात्र के मुताबिक, स्कूल में खेल-खेल के दौरान उसके पांच सहपाठियों ने पहले उसके सिर को जैकेट से ढंक दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। हमले में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल छात्र को सोनीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसके सिर में टांके लगाए। फिलहाल छात्र का इलाज जारी है।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल
घटना के बाद घायल छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि जिस समय क्लासरूम में छात्र के साथ मारपीट की गई, उस दौरान वहां कोई शिक्षक मौजूद नहीं था।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले घायल छात्र के भाई के साथ भी मारपीट की गई थी। परिवार ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ेंः भारत के लिए बड़ी राहत! होर्मुज स्ट्रेट से गुजर सकेंगे भारतीय जहाज, ईरान ने 8 महीने बाद हटाई पाबंदी
स्कूल प्रशासन ने पांच छात्रों को किया सस्पेंड
स्कूल के प्रिंसिपल रोमित ने बताया कि घटना सामने आने के बाद पांचों छात्रों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। स्कूल की CCTV फुटेज की जांच की जाएगी। इसके अलावा मामले की पड़ताल के लिए एक अनुशासनात्मक कमेटी भी गठित की जाएगी।
प्रिंसिपल के मुताबिक, कमेटी की जांच में जो छात्र दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को लिखित शिकायत का इंतजार
इस मामले में बहालगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस को कॉल मिली थी, लेकिन छात्र के परिजनों की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में स्कूल प्रशासन की ओर से पांच छात्रों को सस्पेंड किया गया है, जबकि पुलिस को परिवार की लिखित शिकायत का इंतजार है।






