गुवाहाटीः असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में कामरूप जिले के दिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (13125) पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच कोच पटरी से उतर गए। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में कुल छह डिब्बों के बेपटरी होने की जानकारी दी गई है। हादसे के बाद कई यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई है। मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है।
सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (NFR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के मुताबिक, बुधवार 11 नवंबर को सुबह करीब 6:54 बजे कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को दिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो सकी और इंजन समेत कई डिब्बे पटरी से उतर गए।
STORY | Assam: 6 coaches of Sairang-Kolkata Express train derails, several feared injured
Six coaches and the engine of the Sairang-Kolkata Express train derailed at Digaru near Assam’s Guwahati on Wednesday morning, officials said.
READ: https://t.co/we6ETVmbYZ
VIDEO |
(Source: Third Party)
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/bIyFWTfmBd)
— Press Trust of India (@PTI_News) November 11, 2026
इंजन और पांच कोच हुए बेपटरी
रेलवे के शुरुआती बयान के अनुसार, हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच कोच पटरी से उतरे। शुरुआत में रेलवे ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने और किसी के घायल नहीं होने की जानकारी दी थी। हालांकि, बाद में कई यात्रियों के घायल होने की खबरें सामने आईं। घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीम
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए। ट्रेन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम जारी है। रेलवे की ओर से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक (GM) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल रेलवे की ओर से हादसे के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।






