लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका में पाकिस्तान और भारत के रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देता है। ऐसे में जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता, तब तक उसके साथ बातचीत संभव नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि हमारे देश में निर्दोष लोगों की हत्या होती रहे और हम पाकिस्तान के साथ बातचीत करते रहें, यह असंभव है।
दरअसल, राहुल गांधी अमेरिका के शिकागो यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान एक पाकिस्तानी छात्र ने उनसे सवाल किया कि क्या भारत और पाकिस्तान अपने आपसी मतभेद भुलाकर मिलकर काम कर सकते हैं? इसी सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को समर्थन दिए जाने का मुद्दा उठाया।
पाकिस्तान से बातचीत पर क्या बोले राहुल गांधी?
राहुल गांधी ने कहा कि पाकिस्तान का आतंकवाद को समर्थन देना दोनों देशों के बीच बातचीत में सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा, “हमारे निर्दोष लोगों की हत्या होती रहे और हम पाकिस्तान के साथ बात करें, यह असंभव है। जब यह रुक जाएगा, तभी बातचीत की कोई संभावना बन सकती है।”
राहुल के इस बयान का स्पष्ट संदेश था कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत के लिए आतंकवाद का रुकना जरूरी है।
पाकिस्तानी छात्र की हो गई बोलती ही बंद🤡
पाकिस्तानी छात्र: क्या आपको नहीं लगता है कि भारत और पाकिस्तान को मिलकर बात करना चाहिए.
राहुल गांधी: पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा देता है, उसका समर्थन करता है. हमारे निर्दोष लोगों की हत्या होती रहे और हम पाकिस्तान के साथ बात करें, यह असंभव है
— Priya singh (@priyarajputlive) November 19, 2026
2024 के लोकसभा चुनाव को बताया अवैध
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव वैध नहीं था और इसमें फर्जी मतदाताओं का इस्तेमाल किया गया। राहुल ने एक ब्राजीलियाई महिला का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि उसके नाम पर विधानसभा चुनाव में 23 बार वोट डाले गए, जबकि वह कभी भारत आई ही नहीं थी।
जब राहुल गांधी से पूछा गया कि चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों के बावजूद विपक्ष चुनावों का बहिष्कार क्यों नहीं करता, तो उन्होंने कहा कि चुनाव का बहिष्कार करने से भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। कांग्रेस ऐसा नहीं चाहती।
ये भी पढ़ेंः ‘जितना खिलाओ, पेट नहीं भरता’, उद्योगपतियों पर भड़के PM मोदी, पूछा- टैक्स में छूट दी तो आपने कर्मचारियों को क्या दिया?
BJP ने राहुल गांधी पर कसा तंज
राहुल गांधी के बयानों पर बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को राहुल गांधी को विदेश भेजने पर पैसा खर्च करने के बजाय उनका AI मॉडल भेजना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल बार-बार एक ही बातें दोहराते हैं और AI मॉडल उनसे बेहतर काम कर सकता है।
बोले- गैर-लोकतांत्रिक भारत स्वीकार नहीं
राहुल गांधी ने भारत में लोकतंत्र की स्थिति पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “हम गैर-लोकतांत्रिक भारत स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। यह सिर्फ कांग्रेस पार्टी की बात नहीं है। यह भारत के अधिकांश लोगों की भावना है।”
उन्होंने कहा कि विपक्ष यह सुनिश्चित करेगा कि लोगों की बिना डर अपनी बात कहने की ताकत फिर से बहाल हो। राहुल ने दावा किया कि वे यह लड़ाई लड़ रहे हैं और उन्हें खुशी है कि विपक्ष यह लड़ाई जीत रहा है।
दिल्ली के प्रदूषण पर भी जताई चिंता
कार्यक्रम के दौरान जलवायु संकट और प्रदूषण को लेकर पूछे गए सवाल पर राहुल गांधी ने दिल्ली की स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर आप दिल्ली में रहते हैं, तो आपके पास समय नहीं है।
राहुल ने बताया कि वह अपने घर में एयर प्यूरीफायर लगवा रहे हैं, क्योंकि उन्हें दिनभर सिरदर्द रहता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे शहरों में प्रदूषण के कारण लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे बच्चों को फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां हो रही हैं और लोग कैंसर जैसी बीमारियों से मर रहे हैं।






