Trump Hits China Over Iran Oil: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने चीन की एक बड़ी तेल रिफाइनरी पर प्रतिबंध लगा दिया है, क्योंकि उसने अरबों डॉलर का ईरानी तेल खरीदा था। यह कदम व्हाइट हाउस के उस व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसका मकसद ईरान की आय के मुख्य स्रोत उसके तेल निर्यात को पूरी तरह बंद करना है।
अमेरिका के वित्त विभाग ने कहा कि उसने हेंगली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी को निशाना बनाया और इसे कच्चे तेल व पेट्रोलियम उत्पादों के लिए ईरान के सबसे बड़े ग्राहकों में से एक बताया।
शैडो फ्लीट पर बड़ा प्रहार
इसके साथ ही विभाग ने लगभग 40 शिपिंग कंपनियों और जहाजों पर भी प्रतिबंध लगाया है, जो ईरान के “शैडो फ्लीट” के रूप में काम करते हैं। शैडो फ्लीट उस बेड़े को कहा जाता है, जो किसी देश के लिए काम करते हैं लेकिन उसका झंडा नहीं लगाते। ये जहाज प्रतिबंधों से बचने के लिए गुप्त रूप से संचालित किए जाते हैं।
ट्रंप-शी मुलाकात से पहले बढ़ा तनाव
ये प्रतिबंध ऐसे समय में लगाए गए हैं, जब कुछ ही हफ्तों में डोनाल्ड ट्रंप अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग (Xi Jinping) से चीन में मुलाकात करने वाले हैं। इस फैसले से अमेरिका-चीन संबंधों में तनाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।






