Israel-Iran War: मिडिल-ईस्ट में जारी जंग के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने अपनी मौत की अफवाहों को खारिज करते हुए बड़ा बयान दिया है। गुरुवार देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, “मैं जिंदा हूं और आप सब इसके गवाह हैं।”
नेतन्याहू ने दावा किया कि बीते 20 दिनों में इजराइल ने ईरान की सैन्य और परमाणु क्षमताओं को भारी नुकसान पहुंचाया है। उनके मुताबिक, अब ईरान के पास यूरेनियम संवर्धन (Enrichment) और बैलिस्टिक मिसाइल निर्माण की क्षमता लगभग खत्म हो चुकी है।
नेतन्याहू के बयान की 7 बड़ी बातें
“मैं जिंदा हूं”- मौत की अफवाहों पर खुद सामने आए।
20 दिनों में ईरान की परमाणु क्षमता खत्म करने का दावा किया।
100 से ज्यादा मिसाइल लॉन्चर और हथियार फैक्ट्रियां तबाह किया।
जंग के तीन मुख्य लक्ष्य-
न्यूक्लियर खतरा खत्म करना।
मिसाइल खतरा खत्म करना।
ईरानी जनता के लिए आजादी की स्थिति बनाना।
अमेरिका और इजराइल मिलकर ईरान पर दबाव बना रहे
साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमला इजराइल ने अकेले किया। रेजीम चेंज के लिए जमीनी कार्रवाई भी जरूरी हो सकती है।
ईरान का पलटवार: F-35 जेट को निशाना बनाने का दावा
इस बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी F-35 फाइटर जेट को निशाना बनाकर नुकसान पहुंचाया है। IRGC ने इसका एक वीडियो भी जारी किया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने यह स्वीकार किया कि एक F-35 जेट को मिशन के दौरान इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान को मिडिल-ईस्ट के किसी देश में उतारा गया।
ग्लोबल एनर्जी मार्केट पर असर
जंग का असर अब वैश्विक ऊर्जा बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। कतर के रास लाफान LNG (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) प्लांट पर हुए हमले से सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्लांट की मरम्मत में कई महीने से लेकर एक साल तक का समय लग सकता है। अगर हालात नहीं सुधरे, तो 2026 तक LNG सप्लाई 2021 के स्तर तक सीमित रह सकती है, जिससे वैश्विक बाजार में गैस की कीमतों में तेज उछाल आ सकता है।
तेल की कीमतों पर बड़ा खतरा
सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बाधाएं जारी रहती हैं, तो कच्चे तेल की कीमत 180 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है।
फिलहाल ब्रेंट क्रूड की कीमत 119 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि हालात बिगड़ने पर कीमतें 150 डॉलर से ऊपर जाना भी संभव है।
जमीनी हालात: मिसाइल मलबे से नुकसान
उत्तरी इजराइल में ईरानी मिसाइलों के टुकड़े गिरने से सड़कों और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। ये टुकड़े उन मिसाइलों के थे जिन्हें इजराइल के एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया था, लेकिन उनका मलबा जमीन पर गिरा।
बता दें कि इजराइल-ईरान के बीच जारी यह जंग अब सिर्फ सैन्य टकराव नहीं रह गई है, बल्कि इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। एक तरफ बेंजामिन नेतन्याहू जीत का दावा कर रहे हैं, वहीं ईरान भी जवाबी हमलों के दावे कर रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने की आशंका है।






