Iran Airstrike: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान को बड़ा झटका लगा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता जनरल अली मोहम्मद नैनी की शुक्रवार को एक एयरस्ट्राइक में मौत हो गई। IRGC ने आधिकारिक बयान जारी कर उनकी मौत की पुष्टि की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनरल नैनी को हालिया हवाई हमले में निशाना बनाया गया, जिसे ईरान ने अमेरिका और इजराइल की संयुक्त कार्रवाई बताया है।
आखिरी बयान में दी थी ‘सरप्राइज’ की धमकी
मौत से कुछ ही घंटे पहले जनरल नैनी ने इजराइल और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) को खुली चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि ईरान ने दुश्मनों के लिए एक बड़ा ‘सरप्राइज’ तैयार किया है, जिसका असर जल्द देखने को मिलेगा।
नैनी ने यह भी दावा किया था कि ईरान की मिसाइल क्षमता अपने चरम पर है और युद्ध के बावजूद लगातार मिसाइलों का उत्पादन जारी है। उन्होंने कहा था कि ईरान के पास हथियारों का पर्याप्त भंडार मौजूद है।
एयरस्ट्राइक में मौत, ईरान का आरोप
हालांकि, यह बयान सामने आने के कुछ ही घंटों बाद IRGC ने पुष्टि की कि जनरल नैनी एयरस्ट्राइक में मारे गए। ईरान ने इस हमले को ‘कायराना’ करार दिया है और आरोप लगाया है कि यह उसके शीर्ष सैन्य नेतृत्व को निशाना बनाने की सोची-समझी साजिश है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव
इस घटना के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव और गहरा गया है। पहले से जारी टकराव के बीच अब शीर्ष सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाए जाने से हालात और विस्फोटक हो सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्रीय युद्ध को और भड़का सकती हैं, जिसका असर वैश्विक स्तर पर भी देखने को मिल सकता है।






