IPL 2026, KKR vs GT: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने हाईस्कोरिंग मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) को 29 रन से हराकर प्लेऑफ की रेस में खुद को बरकरार रखा। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 60वें मुकाबले में शनिवार (16 मई) को ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 247 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 4 विकेट पर 218 रन ही बना सकी।
इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स के 12 मैचों में 11 अंक हो गए हैं और टीम की प्लेऑफ की उम्मीदें अभी भी कायम हैं। वहीं गुजरात टाइटन्स को 13 मैचों में पांचवीं हार झेलनी पड़ी, हालांकि टीम 16 अंकों के साथ मजबूत स्थिति में बनी हुई है।
गुजरात की पारी: गिल-बटलर ने लड़ाई लड़ी, लेकिन जीत नहीं दिला सके
248 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत आक्रामक रही। साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। हालांकि 23 रन पर सुदर्शन चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद निशांत सिंधु सिर्फ 1 रन बनाकर सुनील नरेन का शिकार बने।
इसके बाद शुभमन गिल और जोस बटलर ने 128 रनों की शानदार साझेदारी कर मैच में गुजरात की वापसी कराई। शुभमन गिल ने 49 गेंदों में 85 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। उन्हें सुनील नरेन की गेंद पर अनुकूल रॉय ने बाउंड्री लाइन पर कैच किया।
साई सुदर्शन दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे और 28 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं जोस बटलर ने 35 गेंदों में 57 रन बनाए। राहुल तेवतिया 2 रन ही बना सके। कोलकाता की ओर से सुनील नरेन, सौरभ दुबे और कैमरन ग्रीन को विकेट मिले।
ये भी पढ़ेंः
आसनसोल में लाउडस्पीकर विवाद पर बवाल, पुलिस चौकी में तोड़फोड़-पथराव; आंसू गैस छोड़कर भीड़ को खदेड़ा
KKR की बैटिंग: फिन एलन का तूफान, रघुवंशी-ग्रीन ने किया फिनिश
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान अजिंक्य रहाणे 14 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर बोल्ड हो गए।
इसके बाद फिन एलन और अंगकृष रघुवंशी ने दूसरे विकेट के लिए 95 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया। फिन एलन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 10 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। उन्हें आर साई किशोर ने आउट किया।
फिर अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 108 रनों की साझेदारी कर KKR को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। रघुवंशी ने 44 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। वहीं कैमरन ग्रीन ने 28 गेंदों में 52* रन की तेज पारी खेली।
KKR vs GT हेट टू हेट
- कुल IPL मैच: 7
- कोलकाता नाइट राइडर्स जीते: 2
- गुजरात टाइटन्स जीते: 4
- बेनतीजा: 1
इस सीजन दोनों टीमों के बीच यह दूसरा मुकाबला था। इससे पहले 17 अप्रैल 2026 को खेले गए मैच में गुजरात टाइटन्स ने KKR को 5 विकेट से हराया था।
ये भी पढ़ेंः








