US-Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि अमेरिका ईरान के साथ सीजफायर नहीं करेगा। उन्होंने कहा, “बातचीत हो सकती है, लेकिन लड़ाई रोकने का इरादा नहीं है।”
ट्रम्प ने कहा, “जब आप दूसरे पक्ष को पूरी तरह तबाह कर रहे होते हैं, तब सीजफायर नहीं किया जाता।” उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान की सैन्य ताकत को काफी हद तक खत्म कर दिया है।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है हम जीत चुके हैं। हमने उनकी नेवी, एयरफोर्स और एयर डिफेंस सब खत्म कर दिए हैं।” हालांकि उन्होंने यह भी माना कि ईरान अब भी होर्मुज स्ट्रेट में रुकावट डाल रहा है।
https://x.com/i/status/2035082362749428154
NATO देशों पर भड़के ट्रम्प, कहा- कायर हैं
ट्रम्प ने NATO देशों की आलोचना करते हुए कहा कि वे अब तक मदद के लिए आगे नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के बिना यह गठबंधन “सिर्फ कागजी शेर” है।
ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट का जिक्र करते हुए कहा कि इसे खुला रखना आसान है, लेकिन सहयोगी देश इसमें भी पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह बहुत आसान सैन्य कदम है, जिसमें बहुत कम जोखिम है, लेकिन वे मदद नहीं करना चाहते। कायर हैं, और हम इसे याद रखेंगे।”
ईरान के परमाणु भंडार पर नजर, स्पेशल ऑपरेशन पर विचार
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट (CBS) के मुताबिक, ट्रम्प प्रशासन ईरान के परमाणु भंडार को सुरक्षित करने या बाहर निकालने की रणनीति पर विचार कर रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस योजना में स्पेशल फोर्स के जरिए कार्रवाई पर फोकस किया जा रहा है, हालांकि अभी तक इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है और न ही आधिकारिक घोषणा की गई है।
ईरानी सुप्रीम लीडर बोले- जंग में दुश्मन हारा
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) ने कहा है कि अमेरिका और इजराइल के साथ जारी जंग में दुश्मन की हार हुई है।
नौरोज के मौके पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि हमलों के बाद यह उम्मीद थी कि ईरानी जनता सरकार के खिलाफ खड़ी हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि इसके उलट देश में एकजुटता देखने को मिली है और इसी वजह से दुश्मन अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाया।
सऊदी अरब ने 22 ड्रोन मार गिराए
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि देश के पूर्वी हिस्से में कुल 22 ड्रोन को मार गिराया गया है।
पहले 10 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया, जिसके बाद 12 और ड्रोन को एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि ये ड्रोन ईरान की ओर से किए जा रहे हमलों का हिस्सा थे।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ा तनाव
ईरान द्वारा अमेरिका और इजराइल के हमलों के जवाब में खाड़ी देशों पर हमले तेज किए जाने के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। हालात को देखते हुए बड़े स्तर के संघर्ष की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।






