NTA UGC NET Exam Re-Conduct: UGC-NET परीक्षा को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा फैसला लिया है। एजेंसी ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। इन तीनों विषयों की परीक्षा अब सितंबर में दोबारा आयोजित की जाएगी। NTA ने यह फैसला प्रश्नपत्रों में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आने के बाद लिया है।
NTA ने रविवार को बताया कि इन विषयों के प्रश्नपत्रों में स्पेलिंग, प्रिंटिंग, टाइपिंग, अनुवाद और तथ्य संबंधी गलतियां पाई गई थीं। इसके अलावा पहले पूछे जा चुके कई सवालों को भी दोबारा प्रश्नपत्र में शामिल किया गया था। छात्रों की शिकायतों के बाद मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई थी।
प्रश्नपत्रों में मिलीं कई गंभीर गलतियां
NTA के अनुसार, छात्रों की ओर से आंसर-की जारी होने के बाद प्रश्नपत्रों में मौजूद गड़बड़ियों को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। शिकायतों की समीक्षा के लिए बनाई गई समिति ने तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों की विस्तृत जांच की।
जांच में कई तरह की त्रुटियां सामने आईं। इनमें नाम गलत लिखे जाने, किताबों के नाम में गड़बड़ी, सवालों को गलत तरीके से लिखे जाने, व्याकरण और विराम चिह्नों की गलतियां शामिल थीं। कुछ सवालों के अनुवाद में भी समस्या पाई गई।
समिति ने यह भी पाया कि पहले की परीक्षाओं में पूछे जा चुके सवालों में से एक बड़ी संख्या दोबारा प्रश्नपत्र में शामिल कर दी गई थी।
केवल सवाल हटाकर ठीक नहीं हो सकती थी समस्या
NTA ने कहा कि प्रश्नपत्रों में मिली गड़बड़ियां केवल कुछ सवालों को हटाकर दूर नहीं की जा सकती थीं। गलतियों की प्रकृति और संख्या को देखते हुए समिति ने इन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने की सिफारिश की।
इसी के आधार पर NTA ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षाएं रद्द कर नई तारीखों की घोषणा की है।
9 और 10 सितंबर को होगा री-एग्जाम
तीनों विषयों की दोबारा परीक्षा अलग-अलग शिफ्ट में कराई जाएगी।
- इंग्लिश: 9 सितंबर, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- कॉमर्स: 9 सितंबर, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
- सोशियोलॉजी: 10 सितंबर, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
NTA ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले इन विषयों की परीक्षा दी थी, उन्हें दोबारा परीक्षा देने के लिए नई फीस नहीं देनी होगी।
📢 UGC-NET June 2026 | Important Notice
NTA had received several complaints about multiple errors in the papers of English, Commerce and Sociology. NTA formed a committee to enquire into and look into these errors and as per the recommendation of the committee, NTA will… pic.twitter.com/oejnlRSe0c
— National Testing Agency (@NTA_Exams) August 16, 2026
ये भी पढ़ेंः
सोनिया गांधी ने वंदे मातरम् रोकने की कोशिश की? भाजपा के आरोप पर कांग्रेस का जवाब- खड़गे के लिए कुर्सी मांग रही थीं
84 विषयों की प्रोविजनल आंसर-की जारी
UGC-NET के इस चरण में कुल 87 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई थी। NTA ने रविवार सुबह इनमें से 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी।
हालांकि, इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की आंसर-की जारी नहीं की गई है। इन तीनों विषयों की परीक्षा अब दोबारा आयोजित होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
22 से 30 जून के बीच हुई थी परीक्षा
NTA ने इस बार UGC-NET परीक्षा का आयोजन 22 जून से 30 जून के बीच किया था। परीक्षा देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
परीक्षा के बाद छात्रों को प्रोविजनल आंसर-की के जरिए अपने उत्तरों की जांच करने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया गया था। इसी दौरान तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में गड़बड़ियों को लेकर शिकायतें सामने आईं।
छात्रों को नहीं देना होगा दोबारा परीक्षा शुल्क
री-एग्जाम को लेकर छात्रों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दोबारा परीक्षा देने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों ने संबंधित विषयों की परीक्षा पहले दी थी, वे निर्धारित तारीख पर दोबारा परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित आगे की जानकारी और एडमिट कार्ड के अपडेट के लिए NTA की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें।
लगातार सवालों के घेरे में रहा है NTA
परीक्षा प्रक्रिया में सामने आई यह गड़बड़ी ऐसे समय हुई है जब NTA पहले भी कई बड़ी परीक्षाओं को लेकर विवादों में रहा है। NEET-UG और UGC-NET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं को लेकर पिछले समय में पेपर लीक, परीक्षा प्रक्रिया और प्रश्नपत्र से जुड़ी शिकायतें सामने आती रही हैं।
ऐसे में UGC-NET के तीन विषयों की परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का NTA का फैसला परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर चर्चा में है। छात्रों की नजर अब सितंबर में होने वाली दोबारा परीक्षा और उसके बाद जारी होने वाले परिणाम पर रहेगी।
ये भी पढ़ेंः






