CJI Suryakant Rejects Meeting Request: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने रविवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात करने से इनकार कर दिया। विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJI से मिलना चाहते थे। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सूर्यकांत ने ईमेल के जरिए जवाब भेजकर मुलाकात से इनकार करने की वजह भी बताई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को कहा था कि विपक्षी नेताओं ने सोमवार शाम 4 से 5 बजे के बीच CJI सूर्यकांत से मिलने का समय मांगा था। इस मुलाकात का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाना था।
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के नेताओं की उस मांग को ठुकरा दिया है जिसमें उन्होंने अपनी बात रखने के लिए बैठक करने का अनुरोध किया था। उन्होंने उन्हें ईमेल के ज़रिए भेजे गए जवाब में इस फ़ैसले की वजहें भी बताई हैं। https://t.co/RQMtQvDm1W
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 11, 2026
इससे पहले 9 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई थी। विपक्ष ने चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी अपनी चिंताएं रखी थीं।
गौरतलब है कि विपक्षी सांसदों ने 6, 7, 8 और 9 अक्टूबर को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में प्रदर्शन किया था। इन प्रदर्शनों के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने हिरासत में भी लिया था। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव से चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। वहीं, चुनाव आयोग और भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।






