South Sudan Gold Mine Attack: दक्षिण सूडान में जेबेल इराक की सोने की खदान पर सोमवार को भयानक हमला हुआ, जिसमें अज्ञात बंदूकधारियों ने गोलियां बरसाईं। इस हमले में 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है और जांच में जुट गई है।
घटना के बाद सामने आए वीडियो ने हमले की भयावहता को उजागर किया। एक वीडियो में खुले मैदान में दर्जनों शव पड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि कई लोग झाड़ियों की ओर भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे। मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।
इस इलाके में पहले भी अवैध खनन करने वालों और खनन कंपनियों के बीच हिंसक टकराव होते रहे हैं। खनन विवाद अक्सर तनाव का कारण बनता रहा है, लेकिन इस बार हिंसा ने बेहद खतरनाक रूप ले लिया।
पुलिस प्रवक्ता क्वासीवोक डोमिनिक अमोंडोक ने बताया, “अज्ञात बंदूकधारियों ने जेबेल इराक की सोने की खदान पर हमला किया। इसमें 70 से ज्यादा लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। जैसे-जैसे जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा।”
इस हमले के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। SPLM/A ने हमले की निंदा करते हुए सरकारी बलों को जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
यह हमला एक बार फिर दक्षिण सूडान में खनन क्षेत्रों की असुरक्षा और हिंसा की गंभीर स्थिति को सामने लाता है।






