Siwan Firecracker Factory Blast: बिहार के सीवान जिले में पटाखे बनाने के दौरान एक मकान में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पटाखा फैक्ट्री के मालिक अमीरुद्दीन समेत एक अन्य पुरुष, दो बच्चियां और एक महिला शामिल हैं। धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान ढह गया और शव सड़क पर बिखर गए। मलबे में एक और शव दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसा जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में हुआ। जिस मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे, वह घनी आबादी वाले इलाके में स्थित था। धमाके के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर धमाके होते रहे।
एसपी भारत सोनी ने बताया- परिवार के 7 लोग मकान में थे
एसपी भारत सोनी के मुताबिक, गांव के मुखिया ने जानकारी दी कि हादसे के समय एक परिवार के सात सदस्य मकान के अंदर थे। शुरुआती जानकारी में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। बाकी लोगों की स्थिति का पता लगाने की कोशिश की जा रही थी, क्योंकि घटनास्थल पर रुक-रुककर धमाके हो रहे थे।
एसपी ने बताया कि मेडिकल टीम मृतकों की संख्या की पुष्टि करेगी। इसके बाद ही आधिकारिक आंकड़ा बताया जा सकेगा। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और जांच के लिए नमूने एकत्र करेगी।
बाद में एसपी भारत सोनी ने हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि घटना के समय मकान में 7 से 8 लोग मौजूद थे। इनमें से 2 से 3 लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। उनकी तलाश की जा रही है। मलबे में एक और शव दबे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
VIDEO | Siwan, Bihar: Four people were killed and several others sustained serious injuries in a massive explosion at a house where firecrackers were being made in Alampur village, under Jamo police station limits in Bihar’s Siwan district.
SP Bharat Soni says, “…The village head has informed us that seven members of a family were inside the house. So far, we have confirmed four deaths. The status of the remaining three people is yet to be confirmed, as intermittent blasts are continuing at the site. The medical team will verify the casualty figures, after which we will be able to provide a confirmed count. Our forensic team has also arrived and will collect samples from the site…”
— Press Trust of India (@PTI_News) October 23, 2026
धमाके के बाद मकान में लगी आग, 4 घंटे बाद पाया गया काबू
सारण के डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने के बाद मकान में आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
डीआईजी ने बताया कि आग बुझने के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम घटनास्थल की जांच करेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे की जानकारी मिलने पर सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता, महाराजगंज एसडीपीओ अमन और बड़हरिया, जामो व गोरेयाकोठी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारी घटनास्थल का जायजा ले रहे हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।
सीवान में 9 महीने पहले भी पटाखा फैक्ट्री में हुआ था ब्लास्ट
सीवान में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की यह पहली घटना नहीं है। इससे करीब 9 महीने पहले, 22 जनवरी 2026 को भी जिले में पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ था। उस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
यह घटना हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बड़रम गांव में हुई थी। धमाका इतना जोरदार था कि मृतक के शरीर के हिस्से करीब 20 फीट दूर जाकर गिरे थे। मृतक की पहचान बड़रम गांव निवासी 50 वर्षीय मुर्तुजा मंसूरी के रूप में हुई थी।
ताजा हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें आलमपुर गांव में मौजूद हैं। आग पर काबू पा लिया गया है और मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।






