Guwahati Hotel Firing Update: असम के गुवाहाटी में सोमवार रात एक होटल में गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। पुलिस के मुताबिक, होटल की लीज को लेकर चल रहे संपत्ति विवाद के दौरान गोलीबारी हुई। आरोपी घनकांत गोगोई ने अपनी लाइसेंसी .32 बोर की पिस्तौल से छह लोगों को गोली मारी। पुलिस ने उसे घटना के एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है।
यह घटना गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में सोमवार रात करीब 9 बजे हुई। पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छह लोगों को गोली लगी थी, जिनमें से पांच की मौत हो गई। घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
मरने वालों में भाई-बहन, बेटा और बहू शामिल
गोलीबारी में जान गंवाने वाले पांच लोगों की पहचान हेलेना भराली, भूदेव भराली, देबोर्श्री भराली, रिनिका भराली और नारायण दास के रूप में हुई है।
हेलेना भराली और भूदेव भराली भाई-बहन थे। देबोर्श्री भराली, भूदेव के बेटे थे, जबकि रिनिका भराली उनकी बहू थीं। इस तरह मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे।
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, पांचवें मृतक नारायण दास भराली परिवार के साथ काम करते थे। वह भी इसी परिवार के गांव के रहने वाले थे। गोलीबारी में घायल व्यक्ति भी उसी गांव का निवासी बताया गया है।
होटल की लीज को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंत ने बताया कि शुरुआती जांच में होटल की लीज से जुड़े संपत्ति विवाद की बात सामने आई है। होटल के मालिक पक्ष और उसे लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी घनकांत गोगोई ने पिछले साल होटल को लीज पर लिया था। पिछले कुछ समय से उसका होटल मालिक के परिवार के साथ लीज समझौते को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार रात भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से गोलीबारी कर दी।
पुलिस को शुरुआती जांच के आधार पर आशंका है कि संपत्ति विवाद ही इस घटना की वजह बना। हालांकि, गोलीबारी की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
VIDEO | Guwahati hotel firing: 4 among the 5 deceased belonged to same family; shooting done by .32-bore licensed pistol; murder weapon recovered, said Police Commissioner Partha Sarathi Mahanta.
The incident took place due to a property dispute, he added.
#GuwahatiNews #Guwahatifiring
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/bIyFWTfmBd)
— Press Trust of India (@PTI_News) October 27, 2026
एक घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार, पिस्तौल जब्त
पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने बताया कि गोलीबारी के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी घनकांत गोगोई को एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली है।
महंत ने कहा, “यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हुई है। आरोपी को घटना के एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया गया है।”
उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले की वैज्ञानिक और विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। पुलिस के मुताबिक, जांच अभी शुरुआती चरण में है और आगे की जानकारी मिलने पर उसे साझा किया जाएगा।
गौरव गोगोई ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
गुवाहाटी में हुई इस घटना पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने दुख जताया और असम की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गौरव गोगोई ने लिखा, “गुवाहाटी के उलुबारी स्थित होटल बिलास इन में हुई गोलीबारी की दुखद घटना से बेहद दुखी हूं, जिसमें पांच लोगों की जान जाने की खबर है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”
उन्होंने कहा कि यह घटना गुवाहाटी में सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री होने के नाते उन्हें जिम्मेदारी लेनी चाहिए और बढ़ते अपराधों पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
Deeply saddened by the tragic firing incident in Ulubari Hotel Bilas Inn, Guwahati, in which five people have reportedly lost their lives. My heartfelt condolences to the bereaved families.
This incident raises serious concerns about public safety and the law and order situation in Guwahati. As Chief Minister and Home Minister, Himanta Biswa Sarma must take responsibility and pay more attention to rising crime.
I urge the authorities to conduct a thorough enquiry, bring the perpetrators to justice, and take concrete measures to prevent such tragedies from recurring.
— Gaurav Gogoi (@GauravGogoiAsm) October 26, 2026
कांग्रेस नेता ने अधिकारियों से घटना की विस्तृत जांच कराने, दोषियों को न्याय के दायरे में लाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में होटल की लीज से जुड़े विवाद, गोलीबारी की परिस्थितियों और घटना से संबंधित अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।
ये भी पढ़ेंः असम के होटल में ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 की मौत: पुलिस को मिले चार शव; हमले की वजह अब तक साफ नहीं






