Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें देश से झूठ बोलना बंद करना चाहिए। राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हैं और अब भी विदेशी ताकतों के समर्थन से सत्ता में बने हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती भी दी।
वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार किया है। कोलकाता में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विदेशी ताकतें भारत में अस्थिरता पैदा करना चाहती हैं और इसके लिए राहुल गांधी का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने राहुल को विदेशी ताकतों का टूलकिट भी बताया।
राहुल गांधी ने X पर पोस्ट कर मोदी को दी बहस की चुनौती
राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कई आरोप लगाए। उन्होंने लिखा, “मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं।”
राहुल ने आगे आरोप लगाया कि देश की आर्थिक व्यवस्था विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन से चल रही है। उन्होंने विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के समर्थन का भी जिक्र किया।
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती देते हुए लिखा कि वे किसी भी मंच पर और किसी भी समय इस मुद्दे पर बहस करने के लिए तैयार हैं। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री बहस में नहीं आएंगे, क्योंकि वे उन बातों से डरते हैं, जो राहुल उनके बारे में जानते हैं।
Mr Modi, stop lying to this nation.
You became PM because of foreign help. You remain PM because of foreign help.
Your financial system is fully controlled and supported by foreigners. Foreign social media fully backs you.
I challenge you to an open debate about this. Any stage, any time. Come if you have the guts.
You won’t dare, because you are terrified of what I know about you.
मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए।
आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने। और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं।
आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में और समर्थन से है। विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है।
मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए।
आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 2, 2026
नितिन नवीन बोले- राहुल गांधी विदेशी ताकतों का टूलकिट
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कोलकाता में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित रैली में राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी ताकतें नेपाल और दूसरे पड़ोसी देशों में अशांति पैदा करने के बाद अब भारत में अस्थिरता फैलाना चाहती हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी ऐसी ताकतों का टूलकिट हैं, जो देश में अराजकता फैलाना चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के पास कोई विजन नहीं है और कांग्रेस के पूरी तरह खत्म होने के लिए वही जिम्मेदार होंगे।
उन्होंने बंगाल की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने ममता बनर्जी सरकार के भ्रष्टाचार और कुशासन पर सवाल उठाए थे, लेकिन अब दोनों एक ही मंच साझा कर रहे हैं।
नितिन नवीन ने चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को भी बेबुनियाद बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर आपत्ति है तो वह केरल और तमिलनाडु में सवाल क्यों नहीं उठाती, जहां कांग्रेस या उसके सहयोगियों को जीत मिली है।
मोदी ने विपक्ष को बताया था ‘अवरोध पक्ष’
राहुल गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने विपक्ष को ‘विरोध पक्ष’ के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बताया था।
31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि विपक्ष देश के विकास में बाधा डाल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि कुछ ताकतें देश को बांटने की साजिश कर रही हैं और सोशल मीडिया का इस्तेमाल अफवाह फैलाने तथा भारत की छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है।
मोदी ने विदेशों में कुछ लोगों की मुलाकातों और भारत विरोधी ताकतों के समर्थन को लेकर भी सवाल उठाए थे। इसी के जवाब में राहुल गांधी ने विदेशी मदद का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती दी।






