Bihar Stampede: बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार के मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 9 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 8 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार होने की वजह से मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर का गर्भगृह छोटा है और भीड़ काफी ज्यादा हो गई थी। श्रद्धालु जल्दी दर्शन करने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला चक्कर खाकर गिर गई, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ हो गई।
https://twitter.com/i/status/2038857972999508195
हादसे में जान गंवाने वाली 9 महिलाओं में से 2 की पहचान हो पाई है। रीता देवी (50) और रेखा देवी (45)। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं थे। न तो पर्याप्त पुलिस बल तैनात था और न ही बैरिकेडिंग या लाइन व्यवस्था की गई थी, जिसके चलते हालात बेकाबू हो गए।
हादसे के बाद राहत कार्य में भी देरी सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस करीब 40 मिनट बाद मौके पर पहुंची। इस बीच कई घायलों को परिजन खुद ही रिक्शा और अन्य साधनों से अस्पताल लेकर गए। एक महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आया है। पटना से कमिश्नर को बिहारशरीफ भेजा गया है और मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।
शीतला अष्टमी के दिन इस मंदिर में विशेष पूजा होती है। इस दिन श्रद्धालु माता को ठंडा भोजन चढ़ाते हैं और घरों में चूल्हा नहीं जलाते। इसी परंपरा के चलते हर साल यहां बड़ी संख्या में भक्त जुटते हैं।
हादसे के बाद पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर परिजनों की भीड़ उमड़ गई है। लोग अपनों की तलाश में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।







