Cyclone Murasu: बंगाल की खाड़ी में एक हफ्ते के भीतर दूसरा चक्रवाती तूफान सक्रिय हो गया है। तूफान अर्नब के बाद अब गंभीर चक्रवाती तूफान मुरासु आंध्र प्रदेश के तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मुरासु सोमवार रात 11:30 बजे से मंगलवार सुबह 4 बजे के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के पास तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
चक्रवात का असर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में दिखने लगा है। आंध्र प्रदेश के नेल्लोर स्थित मयपाडु बीच पर समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। एहतियात के तौर पर आंध्र प्रदेश के तीन एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 19 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
वहीं, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में रविवार रात से लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश और जलभराव की आशंका को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए गए हैं। चक्रवात से निपटने के लिए पांच राज्यों में NDRF की 37 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें 13 टीमें आंध्र प्रदेश में हैं।
IMD का ताजा अपडेट: ओंगोल के पास तट से टकराएगा मुरासु, 120 kmph तक पहुंच सकते हैं हवा के झोंके
IMD के मुताबिक, गंभीर चक्रवाती तूफान मुरासु पिछले 6 घंटों के दौरान 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। 2 नवंबर 2026 को रात 8:30 बजे यह बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट के पास केंद्रित था।
तूफान का केंद्र अक्षांश 14.9° उत्तर और देशांतर 80.6° पूर्व पर स्थित था। यह आंध्र प्रदेश के कवाली से करीब 60 किलोमीटर पूर्व, नेल्लोर से 80 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, ओंगोल से 90 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और मछलीपट्टनम से 160 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में था।
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट पर गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकराने की प्रबल संभावना है। इसके 2 नवंबर की मध्यरात्रि (रात 11:30 बजे) से 3 नवंबर की सुबह 4 बजे के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के पास तट पार करने का अनुमान है।
IMD के चेन्नई, मछलीपट्टनम और विशाखापत्तनम स्थित डॉप्लर वेदर रडार से तूफान की लगातार निगरानी की जा रही है।
The Severe Cyclonic Storm “Murasu” [Pronunciation: Murasu]” over Westcentral Bay of Bengal moved north-northwestwards with a speed of 12 kmph during past 06 hours and lay centered at 2030 hours IST of today, the 02nd November, 2026 over Westcentral Bay of Bengal off south Andhra Pradesh coast, near Latitude 14.9°N and Longitude 80.6°E, about 60 km east of Kavali (Andhra Pradesh), 80 km northeast of Nellore (Andhra Pradesh), 90 km southeast of Ongole (Andhra Pradesh), and 160 km south-southwest of Machilipatnam (Andhra Pradesh).
It is very likely to continue to move northwestwards and cross south Andhra Pradesh coast as a Severe Cyclonic Storm with wind speed of 100 to 110 kmph gusting to 120 kmph between Nellore and Narsapur, close to Ongole during midnight (2330 Hrs IST) of today, the 02nd November to early hours (0400 Hrs IST) of tomorrow, the 3rd November, 2026.
The Severe Cyclonic Storm “Murasu” is under the continuous surveillance of Doppler Weather Radars at Chennai, Machilipatnam and Visakhapatnam.
— India Meteorological Department (@Indiametdept) November 2, 2026
आंध्र प्रदेश में 90 जवानों की 3 NDRF टीमें तैनात
चक्रवात से निपटने के लिए NDRF की चौथी बटालियन की तीन टीमें तमिलनाडु के रणिपेट जिले में अरक्कोनम के पास नागरिककुप्पम से रवाना की गई हैं। इन टीमों में कुल 90 जवान शामिल हैं।
इन जवानों को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर, प्रकाशम और मार्कापुरम में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैनात किया गया है। प्रशासन के मुताबिक, बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों में चक्रवात का सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका है।
ये भी पढ़ेंः राहुल बोले- मोदी जी, देश से झूठ बोलना बंद कीजिए! नितिन नवीन ने कहा- विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं…
चेन्नई में 24 घंटे में 11 सेमी बारिश, दो सबवे में भरा पानी
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश दर्ज की गई। माधवरम में सबसे ज्यादा 11 सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि एन्नोर पोर्ट और नुंगमबक्कम में 10-10 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश के कारण शहर के 22 सबवे में से दो में पानी भर गया। चेन्नई नगर निगम ने जलभराव से निपटने के लिए पंप और फील्ड टीमों को तैनात किया है। वहीं, तिरुवल्लूर के पझावेर्काडु में समुद्र में करीब 6 फीट ऊंची लहरें उठ रही हैं।
ओडिशा में भी चक्रवात का असर, 300 से ज्यादा बचाव दल तैनात
ओडिशा के पुरी जिले में भी चक्रवात का असर दिखाई देने लगा है। यहां सोमवार सुबह से भारी बारिश हो रही है और समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं।
रायगढ़ा जिले में प्रशासन ने सभी 11 फायर स्टेशनों की टीमों को अलर्ट पर रखा है। इसके अलावा NDRF, ODRAF और ओडिशा फायर सर्विस के 300 से ज्यादा बचाव दल तैनात किए गए हैं।
मौसम विभाग ने गंजाम और गजपति जिलों में भारी बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
चक्रवात मुरासु का क्या है मतलब?
चक्रवात मुरासु का नाम भारत ने दिया है। तमिल भाषा में मुरासु का अर्थ ‘युद्ध का नगाड़ा’ होता है। यह तूफान 1 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के रूप में विकसित हुआ था। इसके बाद 24 घंटे के भीतर यह गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया।
एक हफ्ते के भीतर बंगाल की खाड़ी में यह दूसरा चक्रवात है। इससे पहले 28 अक्टूबर को चक्रवात अर्नब आया था। लगातार दो चक्रवात बनने से बंगाल की खाड़ी और आसपास के तटीय इलाकों में मौसम प्रभावित हुआ है।
तूफान अर्नब से आंध्र प्रदेश-ओडिशा में 6 लोगों की मौत हुई थी
इससे पहले बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात अर्नब 28 अक्टूबर की देर रात करीब 3:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था। इस दौरान 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं और कई इलाकों में भारी बारिश हुई थी।
तूफान के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 6 लोगों की मौत हुई थी। आंध्र प्रदेश में 31 घरों को नुकसान पहुंचा था, जबकि करीब 57 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था।
चक्रवात के चलते 50 ट्रेनें और विजयवाड़ा-विशाखापत्तनम एयरपोर्ट पर 21 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। इसके अलावा 16 जिलों में स्कूल भी बंद किए गए थे।
ये भी पढ़ेंः फ्लोरिडा में आसमान से मिसाइल की तरह गिरा प्लेन, धमाके के बाद लगी आग; 9 की मौत, पायलट का आखिरी संदेश आया सामने






