Florida Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक भीषण विमान हादसा हुआ। क्रेस्टहेवन के पास टेक्सास से बहामास जा रहा एक लियरजेट 60 विमान क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। विमान आसमान से तेजी से नीचे आया और सड़क के पास जमीन से टकराते ही आग के गोले में बदल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान को तेजी से नीचे गिरते और धमाके के साथ आग की लपटों में घिरते देखा जा सकता है।
मिसाइल की तरह नीचे गिरा विमान, सड़क पर लगी आग
हादसे का वीडियो सड़क से गुजर रही कारों में बैठे लोगों ने रिकॉर्ड किया। वीडियो में विमान तेजी से आसमान से नीचे आता दिखाई दे रहा है। जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और विमान आग की लपटों में घिर गया। दुर्घटनास्थल पर विमान का मलबा दूर तक बिखर गया। सड़क के किनारे बड़ा गड्ढा बन गया और चारों तरफ काले धुएं का गुबार छा गया।
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने हादसे की भयावहता का जिक्र करते हुए कहा कि विमान आसमान से किसी मिसाइल की तरह नीचे गिरता दिखाई दिया। टक्कर के कारण सड़क के पास काफी नुकसान हुआ।

टेक्सास से बहामास जा रहा था लियरजेट 60
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट 60 (N722BD) था। यह टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था। विमान में 9 लोग सवार थे। यह दो इंजन वाला बिजनेस जेट है।
पायलट ने ‘मेडे-मेडे’ बोलकर मांगी थी मदद
हादसे से पहले विमान के तेजी से ऊंचाई खोने की जानकारी सामने आई है। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग के मुताबिक, विमान शुरुआत में करीब 10 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे आने लगा। बाद में इसकी रफ्तार बढ़कर 20 हजार और फिर 30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई।
CHILLING AUDIO captures FEMALE PILOT’S FINAL MOMENTS before PLANE CRASHES in FLORIDA
‘MAYDAY, MAYDAY, we’re descending 10,000 FEET PER MINUTE’
‘LOOK OUTSIDE JACK… HOLY FU*K WE’RE OUT OF TIME’ — TERRIFYING final words heard before impact https://t.co/AaHiQRI69N
— RT (@RT_com) November 1, 2026
इस दौरान पायलट ने इमरजेंसी संदेश भेजा और ‘मेडे, मेडे’ कहकर मदद मांगी। आखिरी रेडियो संदेश में पायलट ने विमान के जमीन से टकराने की आशंका जताई थी। इसके कुछ ही पल बाद विमान तेजी से दाईं ओर मुड़ा और जमीन से टकराकर क्रैश हो गया।
बिजली की लाइन से टकराने का भी दावा
हादसे के बाद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि विमान क्रैश होने से पहले बिजली की लाइन से टकराया था। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। दुर्घटना की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
NTSB और FAA करेंगे हादसे की जांच
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने जांच में मदद के लिए टीम भेजने की बात कही है। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) दुर्घटना के कारणों की जांच करेगा।
यह विमान जिस जगह क्रैश हुआ, वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से करीब 14.4 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।






