राजपुरा: पंजाब में शुक्रवार दोपहर यात्रियों से भरी चलती ट्रेन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार जनरल कोच आग की चपेट में आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। अपनी जान बचाने के लिए यात्रियों ने ट्रेन से छलांग लगा दी और खेतों की तरफ भागने लगे। हादसे के समय ट्रेन में करीब 1,500 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना फतेहगढ़ साहिब के साधूगढ़ और पटियाला के सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के बीच हुई। हादसे के बाद ट्रेन को सराय बंजारा स्टेशन के पास रोक दिया गया। रेलवे प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। घटना के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ और रेलवे ने 8 ट्रेनों के रूट डायवर्ट कर दिए।
पंखे में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
रेलवे और जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस शुक्रवार दोपहर करीब सवा एक बजे अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। इसी दौरान इंजन के पीछे लगे जनरल कोच में आग लग गई। सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि कोच के पंखे में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी।
शुरुआत में आग एक कोच में लगी और देखते ही देखते आसपास के डिब्बों तक फैल गई। अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह के मुताबिक, आग से तीन कोच पूरी तरह प्रभावित हुए, जबकि चौथा कोच भी आंशिक रूप से इसकी चपेट में आया। यह अनारक्षित ट्रेन थी, जिसमें कुल 22 कोच थे।
#WATCH | Rajpura, Punjab: Fire breaks out in 4 coaches of Karmabhumi Express in the Ambala division; no casualties reported
Northern Railway CPRO Himanshu Shekhar Upadhyay stated that the train stopped safely after its safety system was triggered near Sarai Banjara station. The fire is being brought under control; senior officials are on-site, and no injuries have been reported.
— ANI (@ANI) November 6, 2026
ये भी पढ़ेंः धनतेरस आज और कल, दोनों दिन खरीदारी का मौका! 4-4 शुभ मुहूर्त, जानिए सोना-चांदी और बर्तन खरीदने की परंपरा का रहस्य
सेफ्टी सिस्टम एक्टिवेट होते ही रुक गई ट्रेन
नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सेफ्टी सिस्टम सक्रिय हो गया, जिसके बाद ट्रेन को सुरक्षित रोक दिया गया।
आग की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइनों की बिजली सप्लाई बंद करवा दी। इसके बाद गार्ड और लोको पायलट ने प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग किया। पंजाब प्रशासन की ओर से एंबुलेंस, दमकल कर्मियों और पुलिस बल को भी घटनास्थल पर भेजा गया।
यात्रियों के लिए चलाई गईं दो स्पेशल ट्रेनें
हादसे के बाद यात्रियों को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर स्थित सराय बंजारा रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए कहा गया। करीब 1,500 यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने न्यू जलपाईगुड़ी के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलाईं।
यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचाने के लिए बसों समेत अन्य साधनों की व्यवस्था की गई। स्टेशन पर रेलवे की ओर से भोजन, पीने का पानी, चाय और बिस्किट उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा स्थानीय गुरुद्वारा साहिब के सहयोग से यात्रियों के लिए लंगर की व्यवस्था भी करवाई गई।
8 ट्रेनों के रूट डायवर्ट, जांच के आदेश
कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने के कारण अंबाला मंडल में रेल यातायात प्रभावित हुआ। रेलवे ने बाधित ट्रैक से जले हुए कोच हटवाए, जिसके बाद रेल परिचालन बहाल कर दिया गया।
इस घटना के चलते रेलवे ने कुल 8 ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए। इनमें डाउन दिशा की 5 और अप दिशा की 3 ट्रेनें शामिल हैं।
अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल रेलवे और प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना रही।
ये भी पढ़ेंः उमर अब्दुल्ला की कुर्सी पर खतरा! 25 विधायक नाराज, आज श्रीनगर में अहम बैठक; इस्तीफे की दे सकते हैं चेतावनी






