श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के अंदर चल रही नाराजगी के बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पार्टी के बागी विधायकों के बीच सुलह की कोशिश हुई है। अब्दुल्ला परिवार और नाराज विधायकों के बीच हुई अहम बैठक के बाद फिलहाल विवाद को लेकर सहमति बनती दिखाई दे रही है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व ने बागी विधायकों की कुछ मांगें अगले 14 दिनों में पूरी करने का भरोसा दिया है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विधायकों से कहा कि उन पर दबाव न बनाया जाए। सूत्रों का दावा है कि उमर ने दिवाली के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की पेशकश भी की थी। हालांकि, बागी विधायकों ने उनकी इस पेशकश को ठुकराते हुए साफ कर दिया कि वे उनका इस्तीफा नहीं चाहते। उनकी मांग है कि पार्टी और सरकार के कामकाज में जरूरी बदलाव किए जाएं और उनकी शिकायतों का समाधान हो।
मुख्यमंत्री के सलाहकार को हटाने और कैबिनेट में फेरबदल की मांग
बागी विधायकों की नाराजगी के बीच मुख्यमंत्री के सलाहकार को हटाने और मंत्रिमंडल में फेरबदल का मुद्दा प्रमुखता से उठा है। बागी गुट के सूत्रों के मुताबिक, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने इन मांगों पर अगले दो सप्ताह में फैसला लेने का भरोसा दिया है।
संभावित फेरबदल के तहत डिप्टी मुख्यमंत्री से सड़क एवं भवन (R&B) विभाग की जिम्मेदारी वापस लेने की भी चर्चा है। इसके अलावा मंत्रियों के विभागों में बदलाव किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन प्रस्तावों पर अभी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ेंः उमर अब्दुल्ला की कुर्सी पर खतरा! 25 विधायक नाराज, आज श्रीनगर में अहम बैठक; इस्तीफे की दे सकते हैं चेतावनी
हाईकमान ने मांगों को बताया जायज, फिलहाल टला विवाद
बैठक के बाद पार्टी नेतृत्व ने बागी विधायकों की शिकायतों को गंभीरता से लेने की बात कही। फारूक अब्दुल्ला ने विधायकों की चिंताओं को जायज बताया और कहा कि सभी की बात सुनी गई है। उन्होंने पार्टी में किसी तरह के विभाजन की अटकलों को भी खारिज किया।
कश्मीर न्यूज सर्विस (KNS) के मुताबिक, बैठक में चुनावी वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, संगठन में सुधार और फैसले लेने की प्रक्रिया में विधायकों की भागीदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। हालांकि, कैबिनेट में फेरबदल को लेकर कोई ठोस फैसला घोषित नहीं किया गया।
14 दिन बाद तय होगी बागी विधायकों की अगली रणनीति
बैठक के बाद फिलहाल बागी विधायक पार्टी नेतृत्व को अपनी मांगों पर कार्रवाई करने का समय देने के लिए तैयार हैं। हालांकि, उनकी नाराजगी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि अगले दो सप्ताह में पार्टी नेतृत्व उनकी मांगों पर कितना अमल करता है।
जम्मू-कश्मीर की राजनीति में नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर चल रहा यह विवाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के लिए अहम चुनौती बना हुआ है। फिलहाल पार्टी नेतृत्व की कोशिश सरकार और संगठन में एकजुटता बनाए रखने की है। आने वाले दिनों में कैबिनेट और संगठन में होने वाले बदलाव ही इस विवाद की आगे की दिशा तय करेंगे।






