दिवाली के बाद दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर खतरनाक हो गया है। रविवार को दिवाली के मौके पर लोगों ने जमकर आतिशबाजी की, जिसका असर सोमवार सुबह हवा की गुणवत्ता पर दिखाई दिया। दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। रोहिणी में AQI 430 दर्ज किया गया, जबकि कई अन्य इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही। दिल्ली के साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया। वहीं प्रदूषण के साथ सुबह के समय धुंध और कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई।
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार
दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद दिल्ली की हवा की स्थिति गंभीर हो गई। रोहिणी में सबसे अधिक 430 AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा बवाना में 424, चांदनी चौक में 418, पटपड़गंज में 418, मुंडका में 417 और पंजाबी बाग में 409 AQI रिकॉर्ड किया गया।
अन्य इलाकों की बात करें तो ITO में AQI 407 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 402 रहा। नरेला में 379, लोधी रोड में 370, मंदिर मार्ग में 369, वजीरपुर में 365 और आरके पुरम में 364 AQI दर्ज किया गया।
दक्षिण और मध्य दिल्ली के इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता खराब रही। ओखला फेज-2 में AQI 353, JNU में 346, आनंद विहार में 335 और IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-3 में 301 दर्ज किया गया। श्री अरबिंदो मार्ग में AQI 267 और कैंटोनमेंट क्षेत्र में 293 रहा। IGNOU मैदान गढ़ी में सबसे कम 247 AQI रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली के 15 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI गंभीर श्रेणी में
मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 15 स्टेशनों पर AQI 401 से 500 के बीच यानी गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। वहीं 35 स्टेशन 301 से 400 के बीच बेहद खराब श्रेणी में रहे, जबकि 4 स्टेशन 201 से 300 के बीच खराब श्रेणी में दर्ज किए गए।
सोनिया विहार, बुराड़ी, विवेक विहार, जहांगीरपुरी, रोहिणी और DTU जैसे इलाकों में भी AQI 430 से ऊपर रहने की जानकारी दी गई है।
#WATCH | Delhi: Air Quality Index (AQI) at ITO is 406, categorised as ‘Severe’, as per the CPCB (Central Pollution Control Board).
(Visuals shot at 04:20 am) https://t.co/dNLD5CGyVl
— ANI (@ANI) November 8, 2026
नोएडा-गाजियाबाद में भी प्रदूषण का कहर
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। सोमवार सुबह 5 बजे नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 404 दर्ज किया गया। सेक्टर-1 में 324 और सेक्टर-39 में 314 AQI रिकॉर्ड हुआ।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-V में AQI 335 और नॉलेज पार्क-III में 296 दर्ज किया गया। वहीं गाजियाबाद के वसुंधरा में AQI 395, वेव सिटी में 390, लोनी में 377 और इंदिरापुरम में 333 AQI रहा।
दिल्ली में घने कोहरे को लेकर अलर्ट
दिल्ली में प्रदूषण के साथ घने कोहरे का भी असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई जिलों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है।
घने कोहरे के कारण सुबह के समय विजिबिलिटी तेजी से कम होने की आशंका है। इससे सड़क और अन्य परिवहन साधनों से सफर करने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है।
मध्य प्रदेश के 14 शहरों में 14 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह के समय कई शहरों में धुंध दिखाई दे रही है। भोपाल और इंदौर में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
बीती रात प्रदेश के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इनमें प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी भी शामिल है। सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है।
उत्तर प्रदेश के 15 शहरों में घना कोहरा, 50 मीटर तक सिमटी विजिबिलिटी
उत्तर प्रदेश में भी ठंड बढ़ने के साथ कोहरे का असर दिखाई देने लगा है। दिवाली की सुबह लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर समेत 10 शहरों में धुंध छाई रही।
वहीं श्रावस्ती, देवरिया, महराजगंज, बिजनौर, गोंडा और संभल समेत प्रदेश के 15 शहरों में कोहरा देखने को मिला। कई जगहों पर विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर तक रह गई। इससे सड़क पर वाहन चलाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ेंः कहीं फैक्ट्री तो कहीं गोदाम बना आग का गोला, दिल्ली-गाजियाबाद से सिक्किम तक आग की घटनाएं; देशभर में मची अफरा-तफरी






