नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (19 नवंबर) को देश के बड़े उद्योगपतियों से कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार को लेकर सवाल किए। नई दिल्ली के भारत मंडपम में फिक्की (FICCI) के शताब्दी सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने उद्योग जगत को टैक्स में बड़ी राहत दी, लेकिन कंपनियों ने इस राहत का फायदा अपने कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए क्या किया?
प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘आपकी भूख इतनी है कि कितना भी खिलाओ, पेट नहीं भरता।’ उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स में कटौती की और आम लोगों को भी इनकम टैक्स में राहत दी, तो कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी कितनी बढ़ाई और कितने नए लोगों को रोजगार दिया?
मोदी ने कहा कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स की मूल दर 30 फीसदी से घटाकर 22 फीसदी की। वहीं, नई टैक्स व्यवस्था में 12 लाख रुपए तक की सामान्य सालाना आय पर टैक्स देनदारी शून्य होने की व्यवस्था की गई। इसके बावजूद उद्योग जगत को यह बताना चाहिए कि इन फैसलों से कर्मचारियों और रोजगार के मोर्चे पर क्या बदलाव आया।
उन्होंने कंपनियों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे उद्योगपति सरकार से कहते हैं- ‘मोदी जी, आप करिए, हम तो सिर्फ देखते रहेंगे।’ पीएम ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति के लिए सरकार और उद्योग जगत दोनों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
‘देश आगे बढ़ता है किसानों, उद्यमियों और टैक्सपेयर्स के सम्मान से’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोई भी देश अपने किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योगों, धन सृजन करने वालों और टैक्सपेयर्स का सम्मान करके ही आगे बढ़ता है, न कि सुबह-शाम उन्हें गालियां देकर।
उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के शुरुआती दिनों का एक किस्सा साझा करते हुए कहा कि 2001-02 के आसपास जब वे नए-नए गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे, तब उन्होंने आयकर विभाग के एक कार्यक्रम को संबोधित किया था।
मोदी ने बताया कि उस दौरान उन्होंने आयकर अधिकारियों से सवाल किया था कि वे हर किसी को चोर समझना कब बंद करेंगे? उन्होंने कहा था कि आयकर विभाग के अधिकारी भी देश के लिए काम करते हैं और हर किसी को सम्मान मिलना चाहिए।
पीएम ने कहा कि सरकार ने टैक्स रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया को भी आसान बनाया है। पहले जहां टैक्स रिफंड मिलने में करीब आठ महीने लग जाते थे, वहीं अब एक सप्ताह के भीतर रिफंड मिल जाता है।
इसके बाद उन्होंने उद्योगपतियों से फिर सवाल किया कि जब सरकार ने टैक्स में राहत दी, तो क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई या अधिक लोगों को नौकरी पर रखा?
#WATCH | Delhi: At FICCI’s centenary convention, PM Narendra Modi says, “Any country progresses only by respecting its farmers, small entrepreneurs, industry, wealth creators, and taxpayers, not by abusing them morning and evening. Back around 2001–02, when I had newly become Gujarat CM, I addressed an Income Tax Department gathering and asked them: ‘When will you stop treating everyone like a thief? You also work for the country; everyone deserves respect.’ We brought the basic corporate tax rate down from 30% in 2014 to 22%, and today there is no income tax on earnings up to ₹12 lakh. Did you increase your employees’ salaries or hire more staff? We also simplified returns and refunds; unlike earlier, when it took eight months, refunds now arrive within a week.”
— ANI (@ANI) November 19, 2026
‘एक्सपोर्ट क्वालिटी’ कहकर क्यों बेचना पड़ता है सामान?
प्रधानमंत्री ने कंपनियों को भारतीय ग्राहकों की गुणवत्ता संबंधी अपेक्षाओं को लेकर भी आईना दिखाया। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत 140 करोड़ भारतीयों को अपना ऐसा पक्का बाजार न समझे, जहां किसी भी गुणवत्ता का उत्पाद बेचकर मुनाफा कमाया जा सकता है।
मोदी ने कहा कि आज भी कंपनियों को ग्राहकों से यह कहना पड़ता है कि उनका उत्पाद ‘एक्सपोर्ट क्वालिटी’ का है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भारत के लोग अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पादों के हकदार नहीं हैं?
पीएम ने कहा,
‘आप ग्राहकों से कहते हैं कि अरे लीजिए, एक्सपोर्ट क्वालिटी है। आप देश के लोगों को क्या समझते हो भाई? क्या वो अच्छी क्वालिटी के हकदार नहीं हैं?’
उन्होंने कहा कि कंपनियों को अपनी सोच बदलनी होगी। भारतीय ग्राहकों को भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पाद मिलने चाहिए। कंपनियां केवल घरेलू बाजार के भरोसे न रहें, बल्कि अपने उत्पादों की गुणवत्ता सुधारकर वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा करें।
‘140 करोड़ भारतीयों को हल्के में न लें’
प्रधानमंत्री ने कहा कि कंपनियां भारतीय ग्राहकों को अपना पक्का खरीदार मानकर न चलें। उन्हें यह सोचना चाहिए कि उनके उत्पादों की गुणवत्ता कैसी है और क्या वे अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरते हैं।
उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि वे भारतीय बाजार की क्षमता को समझें और ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराएं। भारत के लोगों को भी दुनिया के दूसरे देशों के ग्राहकों जैसी गुणवत्ता मिलनी चाहिए।
‘अगले 10 साल में देश के लिए क्या करेंगे, यह सोचें’
पीएम मोदी ने उद्योग जगत से अगले 10 साल में देश के विकास में अपने योगदान पर विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए उद्योगपतियों को लंबी अवधि की योजनाओं के साथ आगे बढ़ना होगा।
मोदी ने कारोबारियों से अपनी समस्याएं और सुधारों से जुड़े सुझाव बिना झिझक सरकार के सामने रखने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उद्योग जगत के साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने निवेश और उत्पादन बढ़ाने के लिए ‘इंडिया फर्स्ट’ की सोच अपनाने पर जोर दिया।
‘यह पिछली सरकारों जैसी नहीं, मित्रवत सरकार है’
फिक्की के शताब्दी सम्मेलन में पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से सरकार के साथ मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा, ”यह पिछली सरकारों जैसी सरकार नहीं है, यह एक मित्रवत सरकार है, जो दोस्ती निभाना जानती है। अगर आप मेरे सच्चे मित्र हैं, तो बिना किसी झिझक के मुझे लिखकर बताइए कि अभी और किन सुधारों की जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार को कंपनियों की आरामगाह नहीं बनना चाहिए, बल्कि उसे वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा करने का आत्मविश्वास देना चाहिए। उद्योग जगत को अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों की जरूरतों, गुणवत्ता के मानकों और मजबूत वितरण नेटवर्क को समझने में निवेश करना चाहिए।
मोदी ने कहा कि फिक्की की स्थापना 1927 में हुई थी और इसके 20 साल बाद भारत आजाद हुआ। इसी तरह, 2027 में संगठन के 100 साल पूरे होने पर उद्योग जगत को अगले 20 वर्षों में विकसित भारत बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा, ”विकसित भारत सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि एक प्रतिबद्धता है।”
#WATCH | Delhi: At FICCI’s centenary convention, PM Narendra Modi says, “This is not like previous governments, this is a friendly government, one that knows how to honour friendship. And if you are my true friends, then you must do one thing. Write to me without hesitation about what reforms are still needed. Our domestic market must not become our comfort zone; it should give us the confidence to compete in the global market…Invest in understanding global customer needs, matching international standards, and building distribution networks. FICCI was born in 1927 and India gained independence 20 years later—similarly, as you mark 100 years in 2027, resolve to build a ‘Viksit Bharat’ in the next 20 years. ‘Viksit Bharat’ is not just a slogan, it is a commitment.”
— ANI (@ANI) November 19, 2026
‘मेरी बात मत मानिए, गांधीजी की तो मानिए’
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के स्वदेशी संदेश का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने करीब 100 साल पहले उद्योग जगत को स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया था, लेकिन इतने वर्षों बाद भी वही बात दोहरानी पड़ रही है।
मोदी ने कहा,
‘सोचिए, 100 साल बीत चुके हैं। इतने साल बाद आज मुझे भी वही बात दोहरानी पड़ रही है। क्या यह आपकी सफलता है या विफलता? मेरी बात मत मानिए, कम से कम गांधीजी की तो मानिए भाई।’
उन्होंने उद्योगपतियों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, देश में उत्पादन क्षमता मजबूत करने और आयात पर निर्भरता कम करने की अपील की।
फिक्की के 100 साल पूरे होने पर हुआ कार्यक्रम
फिक्की (FICCI) यानी फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री देश के प्रमुख उद्योग एवं व्यापार संगठनों में से एक है। इसकी स्थापना 1927 में हुई थी। यह संगठन उद्योग जगत की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने के साथ निवेश, व्यापार और रोजगार बढ़ाने के लिए सुझाव देता है।
गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में फिक्की की 100वीं वार्षिक आमसभा और वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया और देश के प्रमुख उद्योगपतियों, कारोबारियों तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित किया।
India’s growth story is creating new opportunities. Our industries must be ready to seize them. Speaking at FICCI’s centenary convention. @ficci_india https://t.co/tJCw2NnpjW
— Narendra Modi (@narendramodi) November 19, 2026





