भारत के राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन फ्लाइटग्लोबल (FlightGlobal) की 2027 वर्ल्ड एयर फोर्सेज डायरेक्टरी में भारतीय वायुसेना के पास 36 की जगह सिर्फ 32 एक्टिव राफेल विमान बताए गए हैं। रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि बाकी चार विमानों को सक्रिय सूची से क्यों हटाया गया। पूर्व वायुसेना उप प्रमुख एयर मार्शल (रिटायर्ड) एन. तिवारी ने इस रिपोर्ट के आंकड़ों को गलत बताते हुए मैगजीन से अपने सूत्रों की विश्वसनीयता की दोबारा जांच करने को कहा है।
फ्लाइटग्लोबल ने रिपोर्ट में क्या बताया?
फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय वायुसेना के पास 32 एक्टिव राफेल लड़ाकू विमान हैं। इनमें सिंगल-सीट और डबल-सीट दोनों तरह के विमान शामिल हैं। भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल विमान खरीदे थे। इनमें 28 सिंगल-सीट EH और 8 डबल-सीट DH विमान शामिल हैं।
मैगजीन की नवंबर 2025 में प्रकाशित पिछली रिपोर्ट में भारत के 35 राफेल विमानों को सक्रिय बताया गया था। लेकिन 2027 की नई डायरेक्टरी में इनकी संख्या घटाकर 32 कर दी गई है। रिपोर्ट में इस बदलाव का कोई कारण या समर्थन में सबूत नहीं दिया गया है। यह डायरेक्टरी ब्रिटेन की एविएशन डेटा और एनालिटिक्स कंपनी सीरियम के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है।
पूर्व एयर मार्शल बोले- जिन विमानों को गिराने का दावा किया, वे बाद में उड़ान भरते दिखे
पूर्व वायुसेना उप प्रमुख एयर मार्शल एन. तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मैगजीन को अपने सूत्रों की विश्वसनीयता की दोबारा जांच करनी चाहिए।
तिवारी के मुताबिक, इन्हीं सूत्रों ने पहले उन राफेल विमानों के टेल नंबर बताए थे, जिन्हें पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मार गिराने का दावा किया था। हालांकि, बाद में उन्हीं टेल नंबर वाले विमान विभिन्न सैन्य अभ्यासों और अंतरराष्ट्रीय अभ्यासों में उड़ान भरते दिखाई दिए।
उन्होंने भारतीय वायुसेना की पहली महिला राफेल पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह का भी जिक्र किया। तिवारी ने कहा कि इन्हीं सूत्रों ने शिवांगी सिंह को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की हिरासत में लिए जाने की बात कही थी, जबकि बाद में उनकी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ तस्वीर सामने आई थी।
FlightGlobal should re-evaluate their sources. The same sources gave specific tail numbers, which since have been flying in various exercises including international ones. The same sources said that Sqn Ldr Shivangi Singh was taken as a PoW. We all know how that turned out.
— Narmdeshwar Tiwari (@tiwitiger1) November 19, 2026
ये भी पढ़ेंः SpiceJet पर मंडराया बंद होने का खतरा? सिर्फ 13 विमान बचे, DGCA ने मांगा जवाब
एलन वार्न्स और AFM की रिपोर्टिंग पर भी उठे सवाल
राफेल विमानों की संख्या को लेकर विवाद के बीच रक्षा और भू-राजनीति से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट द लीगेट इन (TheLegateIN) ने फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट के स्रोतों पर सवाल उठाए हैं। अकाउंट का दावा है कि फ्लाइटग्लोबल ने भारतीय राफेल विमानों की संख्या 32 बताने के लिए मुख्य रूप से एयर फोर्सेज मंथली (AFM) के संपादक एलन वार्न्स की रिपोर्टिंग पर भरोसा किया है।
द लीगेट इन ने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान वायुसेना ने एलन वार्न्स को AFM के आगामी अंक में प्रचारात्मक लेख प्रकाशित करने के लिए 34,000 ब्रिटिश पाउंड से अधिक का भुगतान किया है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 40 लाख रुपए से अधिक बैठती है।
हालांकि इस कथित भुगतान को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। फ्लाइटग्लोबल की ओर से भी इस संबंध में कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है।
UK aerospace publication Flightglobal admits it has reduced IAF Rafale fleet size to 32 solely based on reporting by pro-Pak aviation stenographer Alan Warnes run Air Forces Monthly (AFM) magazine.
Says it has reduced Pakistan Air Force (PAF) Erieye AEW&CS inventory to seven from nine based on same reporting.— WLVN (@TheLegateIN) November 20, 2026
पाकिस्तान के Erieye विमानों की संख्या भी घटाई गई
फ्लाइटग्लोबल की इसी डायरेक्टरी में पाकिस्तान वायुसेना के Saab 2000 Erieye एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम (AEW&C) विमानों की संख्या भी 9 से घटाकर 7 बताई गई है।
द लीगेट इन का दावा है कि भारत और पाकिस्तान दोनों के विमानों की संख्या में बदलाव के पीछे AFM की रिपोर्टिंग को आधार बनाया गया है। हालांकि, इस दावे और दोनों देशों के विमानों की संख्या में बदलाव के बीच संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पाकिस्तान ने रिपोर्ट को अपने दावे के समर्थन में पेश किया
फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट सामने आने के बाद पाकिस्तान ने इसे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय राफेल विमान गिराने के अपने दावे के समर्थन में पेश किया। पाकिस्तान के अखबार डॉन ने भी रिपोर्ट के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि ये आंकड़े उसके दावे को मजबूती देते हैं।
पाकिस्तान का दावा रहा है कि मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उसकी सेना ने भारत के चार राफेल विमान मार गिराए थे। हालांकि, फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट में 32 एक्टिव विमान बताए जाने से यह साबित नहीं होता कि बाकी चार विमान युद्ध में नष्ट हुए थे। रिपोर्ट में भी विमानों की संख्या कम होने की वजह नहीं बताई गई है।
भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कुछ विमान खोने की बात स्वीकार की थी, लेकिन उनकी संख्या और प्रकार का खुलासा नहीं किया था। भारतीय अधिकारियों ने पाकिस्तान के चार राफेल गिराने के दावे को खारिज किया था।
वायुसेना के टेंडर में सभी 36 राफेल के लिए मांगा गया था सपोर्ट
रिपोर्ट के आंकड़ों पर सवाल उठने की एक वजह भारतीय वायुसेना का जून 2026 का टेंडर भी है। वायुसेना ने अपने सभी 36 राफेल विमानों के लिए ‘ब्रिज सपोर्ट’ मांगा था। यह विमानों के तकनीकी सहयोग, रखरखाव और लॉजिस्टिक्स से जुड़ा अल्पकालिक अनुबंध होता है।
रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने भी रिपोर्ट के आंकड़ों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं। द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों का कहना था कि ये आंकड़े न तो रक्षा मंत्रालय ने उपलब्ध कराए थे और न ही भारतीय वायुसेना ने। हालांकि, सभी 36 विमानों के लिए सपोर्ट टेंडर होने का मतलब यह नहीं है कि सभी विमान एक ही समय पर ऑपरेशनल थे।
भारत 114 और राफेल खरीदने की तैयारी में
भारत अपनी वायुसेना की लड़ाकू क्षमता बढ़ाने के लिए फ्रांस से 114 अतिरिक्त राफेल विमान खरीदने की योजना पर भी काम कर रहा है। इसके अलावा भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल-M विमानों का अलग सौदा किया जा चुका है। ये विमान विमानवाहक पोतों पर तैनाती के लिए खरीदे जा रहे हैं।





