Delhi Weather: दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रही है। हालात ऐसे हैं कि अब सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी लोगों को राहत देने के बजाय झुलसा रही हैं। सोमवार को राजधानी में पिछले 14 सालों की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यह तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, मई महीने में इतनी गर्म रात आखिरी बार 26 मई 2012 को दर्ज की गई थी।
राजधानी के अलग-अलग इलाकों में भी गर्मी का असर बेहद तेज रहा। पालम में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि लोधी रोड, रिज और आयानगर जैसे इलाकों में भी पारा 43 से 44 डिग्री के बीच बना रहा। गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
दिल्ली में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री बना रहेगा। लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
हालांकि, शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बारिश, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। लेकिन मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल गर्मी से बड़ी राहत मिलने के आसार कम हैं।
29 मई से मिल सकती है राहत
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 27 और 28 मई के आसपास एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्री-मॉनसून गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके चलते हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 29 मई से तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है।
इस बीच राजधानी की हवा भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। सोमवार को AQI 254 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। गर्मी, उमस और प्रदूषण के चलते दिल्लीवासियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।






