IND vs AFG Test: न्यू चंडीगढ़ में खेले गए टेस्ट मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए अफगानिस्तान को पारी और 300 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। यह टेस्ट क्रिकेट में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज के खिलाफ पारी और 272 रन से आई थी।
मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल के शानदार शतकों की बदौलत 8 विकेट पर 564 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की। भारत के विशाल स्कोर के सामने अफगानिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम पहली पारी में सिर्फ 152 रन पर ऑलआउट हो गई।
412 रन से पीछे रहने के कारण अफगानिस्तान को फॉलोऑन खेलना पड़ा, लेकिन दूसरी पारी में भी उसके बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके। पूरी टीम 112 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने पारी और 300 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
ये भी पढ़ेंः
भारत ने अफगानिस्तान पर कसा शिकंजा, 451 रन की बढ़त; डेब्यू में चमके मानव सुथार
भारतीय गेंदबाजों ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया। दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने 4 विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। मोहम्मद सिराज और डेब्यू कर रहे मानव सुथार को 1-1 विकेट मिला।
हालांकि मैच के सबसे बड़े स्टार रहे युवा स्पिनर मानव सुथार। अपने डेब्यू टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट चटकाए और मैच में कुल 7 विकेट हासिल किए। उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस जीत के साथ भारत ने न केवल टेस्ट क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा विजय रिकॉर्ड बनाया, बल्कि घरेलू मैदान पर अपनी ताकत का भी एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया। बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन और गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी ने अफगानिस्तान को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया और टीम इंडिया ने रिकॉर्ड जीत दर्ज कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया।
ये भी पढ़ेंः







