India Vs Sri Lanka Galle Test: भारत ने गॉल टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत के 600वें टेस्ट को यादगार बनाने में 24 वर्षीय स्पिनर मानव सुथार ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पूरे मैच में 10 विकेट झटके और दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
भारत ने श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन मेजबान टीम अपनी दूसरी पारी में 206 रन पर ऑलआउट हो गई। खास बात यह रही कि श्रीलंका के आखिरी चार विकेट सिर्फ 10 गेंदों के अंदर गिर गए।
सुथार ने आखिरी ओवरों में पलटा मैच
श्रीलंका की दूसरी पारी में सोनल दिनूषा और कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया। दिनूषा ने 84 और धनंजय ने 59 रन बनाए। दोनों के बीच 95 रन की साझेदारी हुई, जिसे रवींद्र जडेजा ने धनंजय को आउट करके तोड़ा।
इसके बाद मुकाबला पूरी तरह भारत के पक्ष में चला गया। मानव सुथार ने 75वें ओवर में सोनल दिनूषा को 84 रन पर आउट किया। अगली ही गेंद पर प्रभात जयसूर्या को बोल्ड कर दिया। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर लाहिरू कुमारा का कैच ऋषभ पंत ने पकड़ा।
अगले ओवर में सुथार ने केशरा नुवानथा को बोल्ड कर मैच का अपना 10वां विकेट हासिल किया। इस तरह उन्होंने श्रीलंका के आखिरी चार बल्लेबाजों को महज 10 गेंद में पवेलियन भेज दिया।
पहली पारी में पडिक्कल का शानदार शतक
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। बारिश और खराब मौसम के कारण मुकाबले में कई बार रुकावट आई, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
देवदत्त पडिक्कल ने 167 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। भारत ने पहली पारी में 462 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंका की तरफ से प्रभात जयसूर्या ने चार विकेट हासिल किए।
ये भी पढ़ेंः
गॉल टेस्ट के आखिरी दिन भारत को 6 विकेट की तलाश, श्रीलंका को 288 रन चाहिए
दिनूषा के शतक के बावजूद श्रीलंका 284 पर ढेर
भारत के 462 रन के जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर समाप्त हुई। सोनल दिनूषा ने 100 रन बनाकर शानदार शतक लगाया, जबकि निरोशन डिकवेला ने 80 रन की पारी खेली।
भारत की ओर से मानव सुथार ने 4 विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। भारत को पहली पारी में 178 रन की बढ़त मिली।
पंत की आक्रामक बल्लेबाजी से भारत ने दिया 372 रन का लक्ष्य
दूसरी पारी में भारत ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की। ऋषभ पंत ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 66 रन बनाए। देवदत्त पडिक्कल ने 44 और केएल राहुल ने 35 रन का योगदान दिया।
भारत की दूसरी पारी 193 रन पर समाप्त हुई। पहली पारी की बढ़त के साथ भारत ने श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा।
भारत की सीरीज में 1-0 की बढ़त
372 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम दबाव में नजर आई। दिनूषा और धनंजय ने कुछ देर तक पारी संभाली, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर मैच पर पकड़ बनाए रखी।
आखिर में मानव सुथार ने लगातार विकेट लेकर श्रीलंका की पारी को 206 रन पर समेट दिया। भारत ने 165 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। वहीं, देवदत्त पडिक्कल को 167 रन की शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
WTC में भारत की स्थिति
गॉल टेस्ट जीतने के बाद भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में 53.33 प्रतिशत अंक के साथ पांचवें स्थान पर है। भारत ने 10 टेस्ट में 5 जीत, 4 हार और 1 ड्रॉ दर्ज किया है। उसके खाते में 64 अंक हैं।
भारत के अभी 9 टेस्ट बाकी हैं। इनमें श्रीलंका के खिलाफ एक, न्यूजीलैंड के खिलाफ दो और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट शामिल हैं।
ये भी पढ़ेंः






