US Midterm Elections 2026: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के बीच मिडटर्म चुनाव के लिए मतदान जारी है। इन चुनावों को ट्रंप सरकार के कामकाज और नीतियों पर जनता की राय के तौर पर देखा जा रहा है। चुनाव में अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों और सीनेट की 35 सीटों पर मतदान हो रहा है। इन चुनावों के नतीजे तय करेंगे कि ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी संसद के दोनों सदनों में अपना बहुमत बरकरार रख पाती है या नहीं।
मतदान के दौरान अमेरिका के कुछ इलाकों में तकनीकी और मौसम संबंधी परेशानियां सामने आई हैं। न्यूयॉर्क के वेस्टचेस्टर जिले में कुछ वोटिंग मशीनें पेपर बैलट स्कैन नहीं कर पा रही हैं। वहीं, फ्लोरिडा में बाढ़ के कारण 21 मतदान केंद्रों के स्थान बदलने पड़े। यह फैसला मतदान शुरू होने से करीब 45 मिनट पहले लिया गया।
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के ठीक दो साल बाद मिडटर्म चुनाव कराए जाते हैं। इन चुनावों में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 और सीनेट की 35 सीटों पर मतदान होता है। फिलहाल रिपब्लिकन पार्टी के पास संसद के दोनों सदनों में बहुमत है। अगर पार्टी किसी एक सदन में भी बहुमत खो देती है, तो ट्रंप के लिए अपने एजेंडे से जुड़े कानून पास कराना मुश्किल हो सकता है।
5.76 करोड़ लोग पहले ही डाल चुके वोट
मतदान शुरू होने से पहले ही 5.76 करोड़ से ज्यादा अमेरिकी नागरिक अर्ली वोटिंग के जरिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार शुरुआती मतदान 2022 के मिडटर्म चुनाव से आगे निकल गया है। 2022 में करीब 4.59 करोड़ लोगों ने अर्ली वोटिंग की थी।
इस बार शुरुआती मतदान में डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थकों की हिस्सेदारी ज्यादा रही है। हालांकि, रिपब्लिकन समर्थकों का एक बड़ा हिस्सा चुनाव के दिन मतदान करना पसंद करता है। इसलिए अर्ली वोटिंग के आंकड़ों से अंतिम नतीजों का अनुमान लगाना सही नहीं होगा।
VIDEO | US midterm elections: Visuals from a polling station in New York City.
#USMidTermElections2026 #USMidTermPoll2026 #PTIExclusive #PTIVideos
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/THXIe0e23n
— Press Trust of India (@PTI_News) November 3, 2026
सभी 50 राज्यों में 1,000 चुनाव मॉनिटर तैनात
अमेरिकी न्याय विभाग ने सभी 50 राज्यों में करीब 1,000 चुनाव मॉनिटर तैनात किए हैं। विभाग के मुताबिक, यह उसका अब तक का सबसे बड़ा चुनाव निगरानी अभियान है। मॉनिटर देशभर के 126 चुनावी क्षेत्रों में तैनात हैं।
इनका काम मतदान के दौरान संघीय चुनाव कानूनों के पालन पर नजर रखना है। इसके तहत नस्ल के आधार पर भेदभाव, मतदाताओं को डराने-धमकाने और भाषा संबंधी सहायता उपलब्ध नहीं होने जैसी शिकायतों की निगरानी की जाएगी।
अमेरिकी संसद में बहुमत का गणित
अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस के दो सदन हैं। इनमें सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स शामिल हैं। दोनों सदनों में बहुमत हासिल करने के लिए अलग-अलग सीटों की जरूरत होती है।
सीनेट में बहुमत के लिए 51 सीटें जरूरी
- सीनेट में कुल 100 सीटें हैं। फिलहाल रिपब्लिकन पार्टी के पास 53 सीटें हैं, जबकि डेमोक्रेट्स के साथ रहने वाले दो निर्दलीय सांसदों समेत विपक्ष के पास 47 सीटें हैं।
- बहुमत के लिए सामान्य तौर पर 51 सदस्यों का समर्थन जरूरी होता है।
- अगर दोनों पार्टियों के पास 50-50 सीटें होती हैं तो उपराष्ट्रपति जेडी वेंस निर्णायक वोट दे सकते हैं।
- इस बार सीनेट की 35 सीटों पर चुनाव हो रहा है। इनमें 22 सीटें रिपब्लिकन और 13 सीटें डेमोक्रेटिक पार्टी के पास हैं।
- डेमोक्रेट्स को बहुमत हासिल करने के लिए कम से कम चार सीटों का शुद्ध फायदा उठाना होगा।
हाउस में बहुमत के लिए 218 सीटें जरूरी
- अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में कुल 435 सीटें हैं।
- बहुमत के लिए किसी पार्टी को कम से कम 218 सीटें हासिल करनी होंगी।
- इस बार हाउस की सभी 435 सीटों पर चुनाव हो रहा है।
- रिपब्लिकन पार्टी के सामने अपना बहुमत बचाने की चुनौती है, जबकि डेमोक्रेट्स दोनों सदनों में बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः राहुल का PM मोदी को खुली बहस का चैलेंज: बोले- जगह और जज आप चुनिए, डरिए मत; अमित शाह ने कहा- संसद चलने दीजिए
ट्रंप के सामने चार बड़े चुनावी मुद्दे
1. ईरान युद्ध और महंगाई
ईरान युद्ध के बाद अमेरिका में ईंधन की बढ़ती कीमतें चुनावी मुद्दा बनी हुई हैं। डीजल और पेट्रोल महंगा होने से आम लोगों के खर्च पर असर पड़ा है। ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग में गिरावट को लेकर भी चर्चा हो रही है। रूस से 3 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा डीजल खरीदने के फैसले पर भी उनकी आलोचना हुई है।
2. इमिग्रेशन और अवैध प्रवासी
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उनके प्रशासन के मुताबिक, पहले 18 महीनों में करीब 9.8 लाख लोगों को डिपोर्ट किया गया और मेक्सिको सीमा पर अवैध घुसपैठ में 95% की कमी आई।
हालांकि, छापेमारी और बिना आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को भी देश से निकालने के फैसले का विरोध हो रहा है। डेमोक्रेट्स का आरोप है कि इससे परिवार बिछड़ रहे हैं और खेती तथा निर्माण जैसे क्षेत्रों में मजदूरों की कमी हो सकती है।
3. टैरिफ और नौकरियां
ट्रंप ने आयात पर टैरिफ लगाकर अमेरिकी कंपनियों और नौकरियों को फायदा पहुंचाने का वादा किया था। लेकिन टैरिफ के कारण गाड़ियों, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ों और निर्माण सामग्री की कीमतें बढ़ने का मुद्दा भी सामने आया है।
दूसरे देशों की जवाबी टैरिफ नीतियों से अमेरिकी किसानों के सोयाबीन और मक्का कारोबार पर भी असर पड़ने की चिंता है।
4. गर्भपात का अधिकार और महंगा इलाज
गर्भपात का अधिकार भी चुनाव का बड़ा मुद्दा है। डेमोक्रेट्स चाहते हैं कि महिलाओं को पूरे अमेरिका में गर्भपात का कानूनी अधिकार मिले, जबकि रिपब्लिकन का कहना है कि इस पर फैसला अलग-अलग राज्य करें।
इसके अलावा ओबामाकेयर के तहत मिलने वाले स्वास्थ्य बीमा और सरकारी सहायता में संभावित कटौती भी चुनावी बहस का हिस्सा है। लोगों को चिंता है कि सरकारी मदद कम होने से स्वास्थ्य बीमा महंगा हो सकता है।
सीनेट की 5 सीटों पर कड़ा मुकाबला
इस बार सीनेट की कुछ सीटों पर मुकाबला खासा दिलचस्प माना जा रहा है।
1. टेक्सास: रिपब्लिकन केन पैक्सटन और डेमोक्रेट जेम्स टैलारिको के बीच मुकाबला है। अक्टूबर के कुछ सर्वेक्षणों में दोनों के बीच कड़ी टक्कर दिखाई गई।
2. ओहायो: रिपब्लिकन जॉन हस्टेड का मुकाबला डेमोक्रेट शेरोड ब्राउन से है। यह सीट रिपब्लिकन पार्टी के बहुमत के लिहाज से अहम है।
3. नॉर्थ कैरोलाइना: डेमोक्रेट रॉय कूपर का मुकाबला रिपब्लिकन माइकल वाटले से है। सर्वेक्षणों में कूपर को बढ़त दिखाई गई है।
4. मिशिगन: डेमोक्रेट अब्दुल अल-सईद और रिपब्लिकन माइक रोजर्स के बीच मुकाबला है।
5. मेन: डेमोक्रेट ट्रॉय जैक्सन का मुकाबला रिपब्लिकन सीनेटर सुसान कॉलिन्स से है।
समोसा कॉकस: 6 भारतीय मूल के उम्मीदवार मैदान में, विवेक रामास्वामी भी चर्चा में
अमेरिका में भारतीय मूल के सांसदों के समूह को अनौपचारिक रूप से ‘समोसा कॉकस’ कहा जाता है। इस बार भारतीय मूल के छह डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का चुनाव लड़ रहे हैं।
इनमें अमी बेरा, रो खन्ना, प्रमिला जयपाल और सुहास सुब्रमण्यम जैसे मौजूदा सांसद शामिल हैं। इनके अलावा एरिजोना से अमीश शाह और फ्लोरिडा से पिया डांडिया भी चुनाव मैदान में हैं।
इस बार दो सीटों पर भारतीय मूल के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। कैलिफोर्निया में रो खन्ना का मुकाबला रिपब्लिकन रितेश टंडन से है। वहीं, वॉशिंगटन में प्रमिला जयपाल के सामने रिपब्लिकन नीरव शेठ हैं।
दूसरी ओर, रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी ओहायो में गवर्नर पद के उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला डेमोक्रेट एमी एक्टन से है। जीतने पर वे बॉबी जिंदल और निक्की हेली के बाद भारतीय मूल के तीसरे अमेरिकी गवर्नर बन सकते हैं।






