US Midterm Elections 2026: अमेरिका में 2026 के मिडटर्म चुनाव के नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हैं। कई राज्यों में मतदान खत्म होने के बाद अब वोटों की गिनती शुरू हो गई है। जॉर्जिया, साउथ कैरोलाइना और वर्मोंट समेत 6 राज्यों में वोटिंग पूरी हो चुकी है। इन चुनावों को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
मिडटर्म चुनाव के नतीजों से यह साफ होगा कि अमेरिकी जनता ट्रंप की नीतियों और उनके कामकाज से कितनी संतुष्ट है। साथ ही रिपब्लिकन पार्टी के सामने संसद के दोनों सदनों यानी सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में अपना बहुमत बचाने की चुनौती है।
इन चुनावों में अमेरिकी संसद के दोनों सदनों की सीटों के अलावा कई राज्यों में गवर्नर पद के लिए हुए चुनाव के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे।
जॉर्जिया में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार की जीत
जॉर्जिया की 5वीं संसदीय सीट से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार निकेमा विलियम्स दोबारा हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के लिए चुनी गई हैं। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन साल्वेसन को बड़े अंतर से हराया। विलियम्स को करीब 94% वोट मिले, जबकि साल्वेसन को लगभग 6% मत हासिल हुए।
साउथ कैरोलाइना में 30 साल का रिकॉर्ड
साउथ कैरोलाइना में 19 लाख से ज्यादा लोगों ने मतदान किया है। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, पिछले 30 साल में पहली बार राज्य के किसी गवर्नर चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने वोट डाला है। यह आंकड़ा चुनाव में मतदाताओं की बढ़ी हुई भागीदारी को दर्शाता है।
5.76 करोड़ लोग पहले ही कर चुके थे मतदान
मतदान का दिन आने से पहले ही अमेरिका में 5.76 करोड़ लोग अर्ली वोटिंग के जरिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे। यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार शुरुआती मतदान 2022 के मिडटर्म चुनाव के आंकड़े से आगे निकल गया है। 2022 में करीब 4.59 करोड़ लोगों ने अर्ली वोटिंग की थी।
इस बार शुरुआती मतदान में डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थकों की हिस्सेदारी ज्यादा रही है। हालांकि, रिपब्लिकन पार्टी के समर्थक आमतौर पर मतदान के दिन वोट डालना पसंद करते हैं।
ये भी पढ़ेंः भारत-पाकिस्तान मैच के टिकटों की मारामारी! फाइनल से भी ज्यादा डिमांड, 34 हजार सीटों के लिए आए 84 लाख आवेदन
आधे मतदाताओं ने ट्रंप के खिलाफ जताई नाराजगी
NBC न्यूज के एग्जिट पोल के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, करीब आधे मतदाताओं ने मिडटर्म चुनाव को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कामकाज के प्रति नाराजगी जाहिर करने का मौका माना।
करीब 43% मतदाताओं ने कहा कि वोट डालने की एक वजह ट्रंप का विरोध करना भी था। यह आंकड़ा ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान 2018 के मिडटर्म चुनाव में ऐसा कहने वाले मतदाताओं के प्रतिशत से काफी ज्यादा है।
फ्लोरिडा में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को शुरुआती बढ़त
फ्लोरिडा के ओसियोला काउंटी से शुरुआती मतदान के आंकड़े भी सामने आए हैं। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने इस काउंटी में एक प्रतिशत से कुछ ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। उस समय इसे रिपब्लिकन पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि माना गया था।
इस बार शुरुआती आंकड़ों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। ऐसे में फ्लोरिडा के नतीजों पर भी राजनीतिक विश्लेषकों की नजर बनी हुई है।
ट्रंप के लिए क्यों अहम हैं मिडटर्म चुनाव?
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति के चार साल के कार्यकाल के बीच होते हैं। इन चुनावों में प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की करीब एक-तिहाई सीटों पर मतदान होता है।
इन चुनावों के नतीजे राष्ट्रपति के आगे के कार्यकाल की राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। अगर रिपब्लिकन पार्टी अपना बहुमत बचाने में सफल रहती है तो ट्रंप को अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। वहीं, अगर डेमोक्रेटिक पार्टी को बढ़त मिलती है तो सरकार के लिए संसद में फैसले पास कराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।






