भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित विधायक विश्राम गृह में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिदपुर से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन बोस ने आरोप लगाया है कि उनकी गैरमौजूदगी में उनके नाम पर आवंटित कमरे में एक युवक और युवती आपत्तिजनक हालत में मौजूद थे। विधायक अचानक वहां पहुंचे तो दोनों मौके से भाग निकले। इसके बाद विधायक ने विधानसभा सचिवालय के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अचानक कमरे में पहुंचे विधायक, युवक-युवती को देखकर रह गए हैरान
मामला भोपाल के विधायक विश्राम गृह स्थित ब्लॉक-3 का है। विधायक दिनेश जैन बोस के मुताबिक, 2 नवंबर को दिल्ली से लौटने के बाद वह दोपहर करीब 2 बजे विश्राम गृह पहुंचे थे। उन्हें यहां कमरा नंबर 14 और 15 आवंटित हैं।
वहां पहुंचने पर उन्होंने केयरटेकर से कमरा नंबर 15 की चाबी मांगी, लेकिन चाबी उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद उन्हें कमरे नंबर 14 की चाबी दी गई। विधायक का आरोप है कि जब वह कमरे में पहुंचे तो बगल के कमरे नंबर 15 में एक युवक और युवती आपत्तिजनक हालत में मौजूद थे।
विधायक को देखते ही दोनों वहां से निकलकर भाग गए। अपने नाम पर आवंटित कमरे में इस तरह अनजान लोगों की मौजूदगी देखकर विधायक हैरान रह गए।
बिना अनुमति कमरे की चाबी देने पर उठाए सवाल
दिनेश जैन बोस का कहना है कि उनके कमरे की चाबी रिसेप्शन काउंटर पर रखी जाती है। उनकी या उनके निजी सहायक (PA) की जानकारी और अनुमति के बिना केयरटेकर ने कमरे की चाबी उपलब्ध कराई।
विधायक ने सवाल उठाया कि जब कमरा उनके नाम पर आवंटित था, तो उनकी अनुमति के बिना उसमें किसी दूसरे व्यक्ति को प्रवेश कैसे मिला? उन्होंने कमरे की चाबी और विश्राम गृह में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
घटना के बाद विधायक ने केयरटेकर और रिसेप्शन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए आवंटित कमरों के इस्तेमाल और उनकी सुरक्षा को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की।
विधानसभा सचिवालय को लिखा पत्र, PWD कर रहा जांच
विधायक ने मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विधानसभा सचिवालय के प्रमुख सचिव को पत्र लिखा है। शिकायत मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय ने मामले को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) के पास भेज दिया है।
विधानसभा के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) महावीर सिंह ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विधायक विश्राम गृह के ब्लॉक-3 में यह मामला सामने आया है। विधायक की ओर से प्रमुख सचिव विधानसभा को पत्र दिया गया है और फिलहाल लोक निर्माण विभाग इसकी जांच कर रहा है।
अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि विधायक के आवंटित कमरे में युवक-युवती कैसे पहुंचे और इस पूरे मामले में किसकी लापरवाही रही।
ये भी पढ़ेंः आज दिवाली पर कितने बजे करें मां लक्ष्मी की पूजा? जानें शुभ मुहूर्त, प्रदोष काल और पूजन विधि






