कांग्रेस पार्टी को मिलने वाले चंदे में एक साल के भीतर करीब 75% की गिरावट दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में पार्टी को 20 हजार रुपए से अधिक के चंदे के रूप में ₹130.69 करोड़ मिले, जबकि 2024-25 में यह रकम ₹517.39 करोड़ थी। इस तरह एक साल में कांग्रेस के घोषित चंदे में ₹386.70 करोड़ की कमी आई है।
चुनाव आयोग को सौंपी गई कांग्रेस की योगदान रिपोर्ट के विश्लेषण से यह जानकारी सामने आई है। यह पिछले 10 वर्षों में पार्टी के घोषित चंदे में सबसे बड़ी गिरावट है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, इस कमी की प्रमुख वजह प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से मिलने वाले योगदान में भारी गिरावट है।
इससे पहले वित्तीय वर्ष 2015-16 में कांग्रेस के घोषित चंदे में 86% की गिरावट आई थी। उस दौरान पार्टी को 141.46 करोड़ रुपए मिले थे।
प्रूडेंट ट्रस्ट का योगदान 88% घटा
कांग्रेस के चंदे में आई गिरावट के पीछे प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट का योगदान कम होना बड़ी वजह है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में इस ट्रस्ट ने कांग्रेस को ₹216.34 करोड़ दिए थे, जबकि 2025-26 में यह रकम घटकर सिर्फ ₹25 करोड़ रह गई।
यानी एक साल में प्रूडेंट ट्रस्ट से मिलने वाले चंदे में करीब 88% की कमी आई। कांग्रेस की ताजा योगदान रिपोर्ट में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट ही एकमात्र इलेक्टोरल ट्रस्ट के रूप में दर्ज है।
पार्टी को अन्य बड़े योगदानकर्ताओं से भी चंदा मिला। इनमें स्टार सीमेंट ने ₹5 करोड़, सज्जन भजांका ने ₹4 करोड़ और प्रेम कुमार भजांका ने ₹2 करोड़ का योगदान दिया।
प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट कंपनियों से राजनीतिक चंदा जुटाकर विभिन्न राजनीतिक दलों को वितरित करता है। पिछले एक दशक में इस ट्रस्ट से बीजेपी को सबसे अधिक योगदान मिलता रहा है।
ये भी पढ़ेंः दिवाली के बाद दिल्ली-NCR की हवा जहरीली, AQI 418 पहुंचा; MP के 14 शहरों में पारा 14°C से नीचे, UP में घना कोहरा
पिछले दो साल में बढ़ा था कांग्रेस का चंदा
ताजा गिरावट से पहले कांग्रेस के घोषित चंदे में लगातार दो वित्तीय वर्षों में बढ़ोतरी हुई थी। 2023-24 में पार्टी को ₹281.48 करोड़ मिले थे। इसके बाद 2024-25 में यह रकम बढ़कर ₹517.39 करोड़ हो गई थी।
हालांकि, 2025-26 में पार्टी को मिले ₹130.69 करोड़ का आंकड़ा पूरे वित्तीय रिकॉर्ड में सबसे कम नहीं है। 2020-21 में कांग्रेस को ₹74.52 करोड़, 2021-22 में ₹95.46 करोड़ और 2022-23 में ₹79.92 करोड़ का घोषित चंदा मिला था।
इन आंकड़ों में इलेक्टोरल बॉन्ड से मिली रकम शामिल नहीं है। पुराने वर्षों में बॉन्ड से मिली रकम को जोड़ने पर 2025-26 का चंदा 2020-21 के बाद सबसे कम रहा।
चंदे के मामले में बीजेपी कांग्रेस से काफी आगे
वित्तीय वर्ष 2024-25 में बीजेपी को ₹6,074.02 करोड़ का चंदा मिला था। यह कांग्रेस को मिले ₹517.39 करोड़ से करीब 12 गुना अधिक था।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बीजेपी के चंदे का आंकड़ा अभी सार्वजनिक नहीं हुआ है। चुनाव आयोग ने पार्टी की योगदान रिपोर्ट जारी नहीं की है।
उपलब्ध 12 वित्तीय वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, हर साल बीजेपी को कांग्रेस से अधिक चंदा मिला है।
कांग्रेस की कुल आय का ब्योरा आना बाकी
कांग्रेस की योगदान रिपोर्ट में केवल 20 हजार रुपए से अधिक के चंदे का विवरण दिया गया है। इसमें छोटे चंदे, सदस्यता शुल्क, कूपन बिक्री और ब्याज से होने वाली आय शामिल नहीं है।
पार्टी का 2025-26 का ऑडिटेड अकाउंट अभी अपलोड नहीं हुआ है। इसके सामने आने के बाद कांग्रेस की कुल आय और वित्तीय स्थिति की पूरी जानकारी मिल सकेगी।
गौरतलब है कि 2024-25 में कांग्रेस को सिर्फ कूपन बिक्री से ₹350.12 करोड़ मिले थे।
ये भी पढ़ेंः कहीं फैक्ट्री तो कहीं गोदाम बना आग का गोला, दिल्ली-गाजियाबाद से सिक्किम तक आग की घटनाएं; देशभर में मची अफरा-तफरी






