कुलगामः जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF पोस्ट पर हुए आतंकी हमले की जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हमले से दो दिन पहले एक 10वीं कक्षा के छात्र ने उसी नाके पर तैनात CRPF जवानों को धमकी दी थी। लड़के ने जवानों से कहा था, ‘हम तुम्हें छोड़ेंगे नहीं।’ उस समय जवानों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया था। लेकिन बुधवार को हुए आतंकी हमले के बाद अब पुलिस उस लड़के की तलाश में जुट गई है।
हमले से पहले सोमवार को नाके पर पहुंचा था लड़का
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को एक लड़का कुलगाम के उस स्थायी नाके पर पहुंचा था, जहां बुधवार को आतंकियों ने हमला किया। लड़का देखने में 10वीं कक्षा का छात्र लग रहा था। उसने वहां तैनात CRPF जवानों से सीधे कहा, ‘हम तुम्हें छोड़ेंगे नहीं।’
धमकी देने के बाद लड़का वहां से चला गया। उस वक्त जवानों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। हालांकि, हमले के बाद यह घटना जांच एजेंसियों के लिए अहम हो गई है। पुलिस अब लड़के की पहचान और उसके बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच की जा रही है कि क्या उसका हमले से कोई संबंध है या नहीं।
लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर पर शक
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि कुलगाम में CRPF पोस्ट पर हुए हमले के पीछे प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का हाथ हो सकता है। बताया जा रहा है कि भट जुलाई में शोपियां में चलाए गए सुरक्षा अभियान के दौरान बच निकलने में कामयाब रहा था।
हालांकि, हमले में उसकी भूमिका को लेकर जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों के नेटवर्क और स्थानीय मददगारों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।
ये भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीर में CRPF के नाके पर आतंकी हमला, 3 जवान घायल; गोलीबारी के बाद फरार हुए हमलावर, सर्च ऑपरेशन जारी
दो आतंकियों ने CRPF पोस्ट पर की थी गोलीबारी
बुधवार दोपहर भारी हथियारों से लैस दो आतंकियों ने CRPF पोस्ट पर गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों आतंकी पास के जंगली इलाके से पैदल आए थे और गोलीबारी के बाद नौपुर की तरफ भाग निकले। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही जांच एजेंसियां
हमले के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त बैरिकेड्स लगाए गए हैं और बख्तरबंद वाहनों की तैनाती की गई है। लाउडस्पीकर के जरिए स्थानीय लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की जा रही है।
वहीं, पुलिस आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि सुरक्षाबलों की मुस्तैदी के कारण आतंकी संगठनों में हताशा बढ़ रही है। उन्होंने जवानों की पेशेवर प्रतिक्रिया की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई।
फिलहाल जांच का मुख्य फोकस उस लड़के की पहचान करना है, जिसने हमले से दो दिन पहले CRPF जवानों को धमकी दी थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी धमकी महज एक घटना थी या उसका आतंकी हमले से कोई कनेक्शन है।
ये भी पढ़ेंः विदेशियों के लिए भारत का वीजा लेना होगा आसान, 70% कम भरना होगा फॉर्म; टूरिस्ट वीजा का नाम भी बदला






