Goa Resort Fire: उत्तरी गोवा के अश्वेम-मांद्रेम इलाके में स्थित लक्जरी कॉटेज में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। दरअसर, समुद्र किनारे बने एक लक्जरी रिसॉर्ट में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

https://x.com/i/status/2044824010073296980

चंद मिनटों में भड़की भीषण आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। रिसॉर्ट में मौजूद लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं। देखते ही देखते पूरा लक्जरी कॉटेज और आसपास का हिस्सा आग की भेंट चढ़ गया। इस हादसे में करोड़ों रुपए की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

मची अफरा-तफरी, लोगों ने खुद संभाली स्थिति

आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना आसान नहीं था। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

दमकल की देरी पर सवाल

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड समय पर मौके पर नहीं पहुंची। उनका कहना है कि यदि दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। आग पर काबू पाने में हुई देरी ने लोगों में नाराजगी बढ़ा दी है।

फायर सेफ्टी पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना के बाद अश्वेम-मांद्रेम क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन क्षेत्र होने के बावजूद यहां आपातकालीन सेवाओं की तैयारी कमजोर नजर आई। इस हादसे ने फायर सेफ्टी मानकों और आपदा प्रबंधन की पोल खोल दी है।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है और प्रशासन की ओर से विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Spread the love