Delhi-NCR Weather: दिल्ली-NCR में आखिरकार मॉनसून का असर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। मंगलवार को सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए रहे और दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए दोपहर के बाद हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार, 7 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तेज हवाओं और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम पहले की तुलना में काफी राहतभरा महसूस हो रहा है।
ये भी पढ़ेंः
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर खामेनेई की अंतिम यात्रा: कोम से मशहद तक धार्मिक रस्में, कभी दुश्मन रहे इराक में भी होंगे श्रद्धांजलि कार्यक्रम
गौरतलब है कि 2 जुलाई को भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आधिकारिक आगमन की पुष्टि की थी। इसके बाद से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है और अब राजधानी सहित पूरे NCR में मॉनसून सक्रिय होता नजर आ रहा है।
IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने उत्तर अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात के शेष क्षेत्रों तथा राजस्थान और हरियाणा के कई इलाकों में भी आगे बढ़त बना ली है। मॉनसून की इस रफ्तार का असर आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मॉनसून उत्तर अरब सागर के बाकी हिस्सों, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में भी और आगे बढ़ेगा। इसके बाद पूरे देश में मॉनसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है, जिससे उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
ये भी पढ़ेंः






