लोकसभा के बाद राज्यसभा से भी पास हुआ एंटी पेपर लीक बिल, राष्ट्रपति की मंजूरी बाकी; राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस

Anti Paper Leak Bill 2026: पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई का रास्ता साफ करते हुए लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 गुरुवार को राज्यसभा से भी ध्वनिमत से पारित हो गया। इससे पहले यह विधेयक लोकसभा से पास हो चुका था। अब इसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद यह कानून का रूप ले लेगा और केंद्र सरकार अधिसूचना जारी कर इसे लागू करेगी।

विधेयक पर राज्यसभा में करीब आठ घंटे तक चर्चा हुई। बहस के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह जब चर्चा का जवाब देने के लिए खड़े हुए, तब विपक्षी सांसद गृह मंत्री की मौजूदगी की मांग करते हुए सदन से वॉकआउट कर गए। इसके बाद सदन ने ध्वनिमत से विधेयक पारित कर दिया।

गृह मंत्री के जवाब की मांग पर विपक्ष का वॉकआउट

विपक्षी सांसदों ने छात्रों के आंदोलन और उससे जुड़े मुद्दों पर गृह मंत्री से सदन में आकर जवाब देने की मांग की। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि सभी विपक्षी दलों ने एक ही मांग उठाई थी और उन्हें उम्मीद थी कि चर्चा समाप्त होने से पहले गृह मंत्री सदन में मौजूद होंगे। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 75 का हवाला देते हुए कहा कि सरकार संसद के प्रति जवाबदेह है। इसके बाद विपक्षी सांसद नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर गए।

विपक्ष के वॉकआउट पर जेपी नड्डा का हमला, बोले- मुद्दाविहीन हो चुका है विपक्ष

राज्यसभा में विपक्ष के वॉकआउट पर नेता सदन एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, “मैंने आज सुबह ही कहा था कि विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है और आज उसने अपने आचरण से इसे साबित भी कर दिया। विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। करीब आठ घंटे तक चर्चा चली और हर सदस्य को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया गया। सत्ता पक्ष ने सभी पक्षों को संवेदनशीलता के साथ सुना, लेकिन जब सरकार की ओर से मंत्री जवाब देने के लिए खड़े हुए तो विपक्ष सदन से वॉकआउट कर गया। यह बेहद गैरजिम्मेदाराना व्यवहार है। इससे स्पष्ट होता है कि विपक्ष की चर्चा में कोई रुचि नहीं है। उन्हें लोकतंत्र, संसद और संसदीय कार्यवाही का भी सम्मान नहीं है।”

जितेंद्र सिंह बोले- छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध

राज्यसभा में एंटी पेपर लीक विधेयक पर सरकार का पक्ष रखते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, “एंटी पेपर लीक विधेयक इस बात की पुनर्पुष्टि है कि सरकार देश के छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सर्वोच्च स्तर पर प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है तथा पेपर लीक जैसे अपराधों पर सख्त रोक लगाने के लिए यह संशोधन विधेयक लाया गया है।

विभिन्न दलों ने रखे अपने-अपने पक्ष

सपा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने राज्यसभा में एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान कहा कि केवल सजा बढ़ाने से अपराधों पर रोक नहीं लगती। उन्होंने सुझाव दिया कि नीट (NEET) जैसी परीक्षाओं का संचालन राज्यों को सौंपा जाना चाहिए। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में अत्यधिक डिजिटलीकरण से पेपर लीक की आशंका भी बढ़ जाती है।

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद सागरिका घोष ने राज्यसभा में एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले हजारों छात्रों और उनके परिवारों की उम्मीदें टूट गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के सांसदों को इस पीड़ा की चिंता नहीं है, क्योंकि उनके बच्चे विदेशों में पढ़ाई कर रहे हैं।

DMK सांसद तिरुचि शिवा ने राज्यसभा में एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान कहा कि केवल कानून को और कठोर बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की मांग है कि नीट (NEET) परीक्षा व्यवस्था को समाप्त किया जाए।

केरल कांग्रेस (एम) के सांसद जोस के. मणि ने राज्यसभा में एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्र प्रदर्शनकारियों के साथ सरकार ने अपराधियों जैसा व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि छात्रों के खिलाफ हुई कथित “बर्बरता” के लिए केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए।

आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने कहा कि एंटी पेपर लीक विधेयक इस बात का संकेत है कि सरकार भी मान रही है कि वह पेपर लीक रोकने में सफल नहीं रही। उन्होंने दावा किया कि देश की फास्ट ट्रैक अदालतों में करीब 2.5 लाख मामले लंबित हैं और केवल नया कानून बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा।

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने राज्यसभा में एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री कपिल सिब्बल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कपिल सिब्बल के कार्यकाल में भी कई पेपर लीक की घटनाएं हुई थीं, जबकि अब वे नीट (NEET) प्रदर्शनकारियों को कानूनी सहायता देने का वादा कर रहे हैं।

वहीं, राघव चड्ढा ने कहा कि पेपर लीक जैसी गंभीर समस्या का समाधान मीडिया में बयानबाजी से नहीं, बल्कि मजबूत संस्थागत व्यवस्था से होगा और सरकार इसी उद्देश्य से यह विधेयक लेकर आई है। उन्होंने कहा कि छात्रों की चिंताओं को सुनने के बाद सरकार ने व्यवस्था में बदलाव किए हैं और यह नया कानून पेपर लीक माफिया के खिलाफ कड़ा संदेश देगा। उनके अनुसार, कानून लागू होने के बाद पेपर लीक जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई होगी और ऐसे अपराध करने वालों में कानून का भय पैदा होगा।

ये भी पढ़ेंः 

लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पास, परीक्षा माफिया पर 7 साल की सजा और 10 करोड़ तक जुर्माना

संजय झा बोले- पेपर लीक अब संगठित अपराध

जदयू सांसद संजय झा ने कहा, “यह ऐतिहासिक विधेयक है। इसके पारित होने से पेपर लीक को संगठित अपराध माना जाएगा। पांच महीने के भीतर ट्रायल कर दोषियों को सजा दिलाने का प्रावधान है। परीक्षा प्रणाली में तकनीक का अधिक इस्तेमाल होगा। विपक्ष ने छात्रों के मुद्दे पर राजनीति की और विधेयक पारित होने के समय सदन से वॉकआउट कर दिया।”

अब आगे क्या होगा?

संसद के दोनों सदनों से पारित होने के बाद विधेयक अब राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद यह पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) अमेंडमेंट एक्ट, 2026 के रूप में राजपत्र में प्रकाशित होगा। इसके बाद केंद्र सरकार अधिसूचना जारी कर कानून को लागू करेगी।

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस

इसी बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा है।

नोटिस में आरोप लगाया गया है कि 29 जुलाई को एंटी पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित रूप से असंसदीय और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया तथा “इडियट” और “अंधभक्त” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाई।

भाजपा ने इस मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने की मांग की है। साथ ही राहुल गांधी से सदन और गृह मंत्री अमित शाह से बिना शर्त माफी मांगने की मांग भी की गई है।

राजनीतिक माहौल गरम

एक ओर संसद ने पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस ने इस मुद्दे को राजनीतिक रंग भी दे दिया है। अब सबकी नजर राष्ट्रपति की मंजूरी और लोकसभा अध्यक्ष द्वारा विशेषाधिकार नोटिस पर आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

ये भी पढ़ेंः

राहुल गांधी का अमित शाह पर हमला, बोले- छात्रों पर पैलेट गन चलाई गई; संबित पात्रा ने कहा- राहुल ने संसद में झूठ बोला
Spread the love

Varun Srivastava

वरुण श्रीवास्तव वर्तमान में न्यूज प्लस लाइव में कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर डिजिटल टीम के सक्रिय सदस्य हैं। उनके पास डिजिटल, वेब और ब्रॉडकास्ट पत्रकारिता में 13 वर्षों का अनुभव है। न्यूज प्लस लाइव से पहले, उन्होंने 4Real News, Network18, Sun Star और लोकतंत्र मीडिया जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए अपनी पत्रकारिता की पहचान बनाई।

Related Posts

‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, ओपनिंग डे पर 66.75 करोड़ की कमाई; ‘पठान’ को पीछे छोड़ा

Drishyam 3 Box Office Collection: अजय देवगन की मचअवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। फिल्म ने पहले ही दिन कमाई के मामले में बड़ा…

Spread the love

Continue reading
गुवाहाटी में नाइटक्लब में विवाद के बाद महिला से बदसलूकी, पार्किंग में कपड़े उतारकर पीटा; पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लिया, वीडियो वायरल

Guwahati Nightclub Viral Video: असम के गुवाहाटी के खानापारा इलाके में एक नाइटक्लब में महिला के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लब में विवाद के बाद महिला…

Spread the love

Continue reading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, ओपनिंग डे पर 66.75 करोड़ की कमाई; ‘पठान’ को पीछे छोड़ा

‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, ओपनिंग डे पर 66.75 करोड़ की कमाई; ‘पठान’ को पीछे छोड़ा

गुवाहाटी में नाइटक्लब में विवाद के बाद महिला से बदसलूकी, पार्किंग में कपड़े उतारकर पीटा; पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लिया, वीडियो वायरल

गुवाहाटी में नाइटक्लब में विवाद के बाद महिला से बदसलूकी, पार्किंग में कपड़े उतारकर पीटा; पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लिया, वीडियो वायरल

एशियन गेम्स फाइनल में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर, 383 दिन बाद आमने-सामने, पिछले 6 टी-20 में पाकिस्तान से नहीं हारा भारत

एशियन गेम्स फाइनल में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर, 383 दिन बाद आमने-सामने, पिछले 6 टी-20 में पाकिस्तान से नहीं हारा भारत

पीएम मोदी से कैप्टन स्मित ने कहा- घायल था, लेकिन हिम्मत नहीं हारी; बोले- विमान गिर रहा था, आखिरी मौका था

पीएम मोदी से कैप्टन स्मित ने कहा- घायल था, लेकिन हिम्मत नहीं हारी; बोले- विमान गिर रहा था, आखिरी मौका था

ओलंपियन हॉकी कप्तान से कांग्रेस अध्यक्ष तक, जानिए कौन हैं परगट सिंह, जिन्हें मिली पंजाब कांग्रेस की बड़ी जिम्मेदारी

ओलंपियन हॉकी कप्तान से कांग्रेस अध्यक्ष तक, जानिए कौन हैं परगट सिंह, जिन्हें मिली पंजाब कांग्रेस की बड़ी जिम्मेदारी

जंतर-मंतर के 68 दिन बाद मुंबई में CJP का प्रदर्शन, SIR का विरोध; ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

जंतर-मंतर के 68 दिन बाद मुंबई में CJP का प्रदर्शन, SIR का विरोध; ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग