Alliance Air Flight Engine Failure: अलायंस एयर की फ्लाइट का एक इंजन हवा में तकनीकी खराबी के कारण खराब हो गया। विमान की दूसरे इंजन की मदद से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGIA) पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में क्रू मेंबर्स समेत 40 लोग सवार थे। सभी सुरक्षित हैं।
मेरठ के पास पायलट को इंजन में खराबी का पता चला
अलायंस एयर की फ्लाइट संख्या 9I-698 ने शुक्रवार दोपहर करीब 12:33 बजे प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। मेरठ के आसपास पहुंचने पर पायलट को विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला। पायलट ने तुरंत इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी और दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट की ओर लाया गया।
अलायंस एयर के मुताबिक, फ्लाइट 9I-698 में इस्तेमाल विमान VT-AIU बिलासपुर–प्रयागराज–दिल्ली रूट पर संचालित हो रहा था। दिल्ली पहुंचने के दौरान पायलट-इन-कमांड (PIC) ने बाएं इंजन में ऑयल प्रेशर कम होने के कारण प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग कराने का अनुरोध किया।
#9IImportantupdates On 11 Sept 2026, Alliance Air flight 9I-698 operated by aircraft VT-AIU, was operating on the Bilaspur–Prayagraj–Delhi routing. During the inbound approach to Delhi, the Pilot-in-Command requested a priority landing due to low oil pressure on LH Side engine.
— Alliance Air (@allianceair) September 11, 2026
IGI एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित
विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही IGI एयरपोर्ट पर इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट पर सभी जरूरी इंतजाम किए गए।
टर्मिनल-1 के रनवे-4 को विमान की सुरक्षित लैंडिंग तक पूरी तरह खाली रखा गया। करीब 30 मिनट तक रनवे पर अन्य गतिविधियां रोक दी गईं।
दोपहर करीब 2:15 बजे विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 40 लोग सुरक्षित हैं।
DGCA ने जांच के आदेश दिए
घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के जरिए विमान के इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जाएगा।
सुबह बिलासपुर से प्रयागराज पहुंचा था विमान
सूत्रों के मुताबिक, जिस विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आई, वह शुक्रवार सुबह 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। विमान करीब 11:58 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचा था।
कुछ देर रुकने के बाद विमान ने दोपहर 12:33 बजे प्रयागराज से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। इसके बाद मेरठ के आसपास विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी सामने आई।
दो सप्ताह में अलायंस एयर के विमान की दूसरी घटना
अलायंस एयर के विमान से जुड़ी यह करीब दो सप्ताह में दूसरी गंभीर घटना है। इससे पहले 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट 9I-613 के साथ हादसा होते-होते बचा था।
बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान का बायां टायर फट गया था। टायर फटने के बाद रनवे पर चिंगारी निकली और तेज घर्षण हुआ। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रोक लिया था।
उस विमान में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स सवार थे और सभी सुरक्षित रहे।
दो सप्ताह के भीतर अलायंस एयर के विमानों से जुड़ी इन दोनों घटनाओं के बाद विमान के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। DGCA की जांच के बाद ही इंजन में खराबी और घटना से जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






