Hardeep Puri Epstein Photos Controversy: अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने इन तस्वीरों को लेकर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने पूछा कि जब पुरी पहले कह चुके हैं कि वह एपस्टीन से प्रतिनिधिमंडल के साथ मिले थे, तो तस्वीरों में बाकी सदस्य कहां हैं?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मामले को लेकर BJP और RSS पर निशाना साधा। वहीं, हरदीप सिंह पुरी पहले इन मुलाकातों को पेशेवर बताते हुए स्पष्ट कर चुके हैं कि एपस्टीन के खिलाफ लगे आपराधिक आरोपों से उनका कोई संबंध नहीं था।
सुप्रिया श्रीनेत ने तस्वीरों को लेकर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर हरदीप सिंह पुरी के पुराने बयान पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि जब पुरी कह चुके हैं कि वह एपस्टीन से कभी अकेले नहीं मिले, तो सामने आई तस्वीरों का क्या मतलब है?
कांग्रेस ने इन तस्वीरों के आधार पर पुरी की मुलाकातों के संदर्भ और उनके पहले दिए गए बयानों को लेकर सवाल किए हैं।
चल झूठे! https://t.co/7pthSjfgg6
— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) October 21, 2026
महुआ मोइत्रा ने पूछा- प्रतिनिधिमंडल के बाकी सदस्य कहां हैं?
TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने हरदीप सिंह पुरी के पुराने बयान पर तंज कसते हुए कहा कि पुरी ने एपस्टीन से तीन-चार बार प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात करने की बात कही थी। महुआ ने सवाल उठाया कि इन दो तस्वीरों में प्रतिनिधिमंडल के बाकी सदस्य कहां हैं? उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुरी के दावे पर सवाल खड़े किए।
Epstein Paaji told us he only met Epstein as part of a delegation 3-4 times. Guess the other delegates were hiding under the table in these 2 photos, Paaji. https://t.co/kOy0RwIbkL
— Mahua Moitra (@MahuaMoitra) October 20, 2026
राहुल गांधी ने BJP-RSS पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के मुंबई पहुंचने और अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जेफ्री एपस्टीन तथा हरदीप सिंह पुरी की तस्वीर जारी किए जाने का जिक्र करते हुए BJP और RSS पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “रुबियो मुंबई पहुंचे। अमेरिकी न्याय विभाग ने एपस्टीन और पुरी की तस्वीर जारी की। BJP और RSS के कार्यकर्ताओं से पूछना चाहता हूं कि आपके हिसाब से ये किस देश-विरोधी गद्दार को ब्लैकमेल कर रहे हैं?”
Rubio goes to Mumbai.
The US DOJ releases a picture of Epstein and Puri.
Dear BJP and RSS workers,
which anti-national traitor do you think they’re blackmailing?रुबियो मुंबई पहुँचे।
US DOJ ने एपस्टीन और पुरी की तस्वीर जारी की।
प्रिय BJP और RSS कार्यकर्ताओं,
आपको क्या लगता है – ये किस देश-विरोधी गद्दार को ब्लैकमेल कर रहे हैं?— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 21, 2026
नवंबर 2025 में सामने आया था संपर्क का मामला
हरदीप सिंह पुरी और जेफ्री एपस्टीन के संपर्क का मामला नवंबर 2025 में चर्चा में आया था। उस समय अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की निगरानी समिति की ओर से जारी एक ईमेल में दोनों के बीच बातचीत का उल्लेख किया गया था।
इसके बाद 30 जनवरी 2026 को अमेरिकी न्याय विभाग ने एपस्टीन से जुड़े लाखों पन्नों के दस्तावेज जारी किए। इनमें जून 2014 से जून 2017 के बीच के ईमेल भी शामिल थे।
इन ईमेल के मुताबिक, पुरी 4 फरवरी 2015, 6 जनवरी 2016 और 19 मई 2017 को न्यूयॉर्क में एपस्टीन के घर गए थे। इन मुलाकातों को लेकर पुरी पहले ही अपना पक्ष रख चुके हैं और उन्हें पेशेवर मुलाकातें बताया है।
एपस्टीन को लिखा था ईमेल, द्वीप का भी किया था जिक्र
जारी ईमेल में हरदीप सिंह पुरी की ओर से एपस्टीन को भेजे गए एक संदेश का भी उल्लेख है। इसमें उन्होंने त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए एपस्टीन के द्वीप से लौटने पर मिलने की इच्छा जताई थी। संदेश में भारत में रुचि बढ़ाने के लिए कुछ किताबें देने की बात भी कही गई थी।
एक अन्य ईमेल में ‘हैव फन’ यानी मौज करने जैसे शब्दों का जिक्र सामने आया था। पुरी ने इस पर सफाई देते हुए कहा था कि ‘हैव फन’ कहना उनके बोलने का सामान्य तरीका है।


हरदीप सिंह पुरी ने क्या सफाई दी थी?
फरवरी 2026 में हरदीप सिंह पुरी ने एपस्टीन से मुलाकातों को लेकर उठे सवालों पर अपना पक्ष रखा था। उन्होंने बताया था कि संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत का पद छोड़ने के बाद और 2017 में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से पहले वह एपस्टीन से मिले थे।
पुरी के मुताबिक, ये मुलाकातें इंटरनेशनल पीस इंस्टीट्यूट (IPI) से जुड़े प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के तौर पर हुई थीं। उन्होंने कहा था कि उस समय IPI में उनके वरिष्ठ टेर्जे रोड-लार्सन एपस्टीन को जानते थे।
पुरी ने यह भी कहा था कि पहली मुलाकात के समय उन्हें एपस्टीन की पृष्ठभूमि की जानकारी नहीं थी। उन्होंने उसके आपराधिक मामलों से किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया था।
कौन था जेफ्री एपस्टीन?
जेफ्री एपस्टीन अमेरिका का करोड़पति फाइनेंसर था। उसके कई प्रभावशाली नेताओं और मशहूर हस्तियों से संपर्क थे। वर्ष 2005 में उस पर एक नाबालिग लड़की के यौन शोषण का आरोप लगा था। वर्ष 2008 में उसे नाबालिग से जुड़े यौन अपराध में दोषी ठहराया गया और जेल की सजा सुनाई गई।
वर्ष 2019 में सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों में उसे गिरफ्तार किया गया था। मुकदमे की सुनवाई से पहले ही न्यूयॉर्क की जेल में उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने उसकी मौत को आत्महत्या बताया था।
एपस्टीन की सहयोगी घिसलीन मैक्सवेल को 2021 में नाबालिगों के यौन शोषण में मदद करने से जुड़े अपराधों में दोषी ठहराया गया था। उसे 20 साल जेल की सजा सुनाई गई।
ये भी पढ़ेंः






