Delhi MCD House Ruckus: दिल्ली नगर निगम (MCD) के सदन में गुरुवार को प्रदूषण के मुद्दे पर चर्चा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षदों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सदन में धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान पार्षदों ने एक-दूसरे पर चिल्लाने के साथ पानी फेंका और फाइलें उछालीं। माइक तोड़ने की कोशिश किए जाने की भी खबर है। हालात बिगड़ने पर मार्शलों ने मेयर प्रवेश वाही को सुरक्षित सदन से बाहर निकाला।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सदन में दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के उपायों पर चर्चा होनी थी। लेकिन बैठक शुरू होते ही पार्षदों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया। भाजपा और आप के पार्षद आमने-सामने आ गए। इस दौरान कांग्रेस के पार्षद भी विवाद में शामिल रहे।
वार्डों के विकास के लिए ₹1 करोड़ के फंड की मांग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विवाद की शुरुआत आप पार्षदों की ओर से अपने-अपने वार्डों के विकास के लिए तत्काल फंड जारी करने की मांग को लेकर हुई। इस पर मेयर प्रवेश वाही ने तुरंत 25 लाख रुपए देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में पार्षदों को कुल 2 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
दिल्ली MCD सदन में विकास फंड और प्रदूषण के मुद्दे पर BJP-AAP पार्षदों में भिड़ंत! मेयर प्रवेश वाही के ₹2 करोड़ के फंड ऐलान पर आपत्ति के बाद बढ़ा विवाद, सदन में हुई तीखी बहस।
#DelhiMCD #AAP #BJP #DelhiPollution #BreakingNews https://t.co/1aKtuQMo6i
— Newz Plus Live (@newzpluslive) October 22, 2026
हालांकि, आप पार्षद तत्काल जारी किए जाने वाले फंड को बढ़ाकर कम से कम 1 करोड़ रुपए करने की मांग कर रहे थे। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और सदन में हंगामा शुरू हो गया।
मेयर की कुर्सी तक पहुंचीं आप पार्षद शगुफ्ता जुबैर
हंगामे के दौरान आप पार्षद शगुफ्ता जुबैर मेयर की कुर्सी तक पहुंच गईं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उन्होंने वहां लगे माइक को तोड़ने की कोशिश की। वहीं, विपक्ष के नेता अंकुश नारंग पर भी माइक को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा।
इस बीच कांग्रेस नेता नाजिया दानिश और आप नेता अंकुश नारंग के बीच भी तीखी बहस हो गई। नाजिया दानिश ने आप पर सवाल उठाए, जिसके जवाब में अंकुश नारंग ने उन पर भाजपा से मिले होने का आरोप लगाया।
इस पर पलटवार करते हुए नाजिया दानिश ने कहा कि वह शगुफ्ता चौधरी नहीं हैं, जो भाजपा में चली जाएंगी। इस बयान के बाद सदन में तनाव और बढ़ गया।
अनुशासनात्मक कमेटी को भेजा गया मामला
हंगामे के दौरान स्थिति बिगड़ने पर मार्शलों ने हस्तक्षेप किया और मेयर प्रवेश वाही को सुरक्षित बाहर निकाला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरे मामले को सदन की अनुशासनात्मक कमेटी के पास भेज दिया गया है। कमेटी संबंधित पार्षदों के व्यवहार की जांच करेगी और आगे की कार्रवाई पर फैसला लेगी।
ये भी पढ़ेंः PM मोदी का राहुल गांधी पर तंज- बोले, श्रीहरिकोटा से ज्यादा कांग्रेस के नेता की लॉन्चिंग होती है!






