SRO NVS-03 Satellite Launch: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने शुक्रवार रात अपने नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03 का सफल प्रक्षेपण किया। इसे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से GSLV-F18 रॉकेट के जरिए रात 11 बजकर 51 मिनट पर लॉन्च किया गया।
उड़ान के करीब 18 मिनट बाद रॉकेट के तीनों चरण सफलतापूर्वक पूरे हुए। इसके बाद 2,232 किलोग्राम वजनी सैटेलाइट रॉकेट से अलग होकर अपनी निर्धारित कक्षा (ऑर्बिट) में पहुंच गया।
इस सैटेलाइट के जरिए भारत को अपने पूरे क्षेत्र और देश की सीमाओं से करीब 1,500 किलोमीटर दूर तक सटीक लोकेशन और नेविगेशन की सुविधा मिलेगी। इससे सैन्य अभियानों के साथ-साथ नागरिक सेवाओं को भी मदद मिलेगी।
🚨 Liftoff of GSLV-F18 carrying NVS-03 at 11:51 PM IST from Second Launch Pad, SHAR!
ISRO’s rescue mission for NavIC is now underway 🚀
#ISRO | #GSLVF18 https://t.co/MizXSaUe4R
— ISRO Spaceflight (@ISROSpaceflight) October 30, 2026
कारगिल युद्ध के बाद महसूस हुई थी अपने नेविगेशन सिस्टम की जरूरत
भारत को अपने सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम की जरूरत 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान महसूस हुई थी। उस समय भारतीय सेना ने सैन्य अभियानों के लिए अमेरिकी GPS (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) से महत्वपूर्ण लोकेशन संबंधी जानकारी मांगी थी, लेकिन अमेरिका ने इसे देने से इनकार कर दिया था।
इस घटना के बाद भारत ने अपना स्वतंत्र सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम विकसित करने की दिशा में काम शुरू किया। इसी प्रयास का नतीजा NavIC है, जो भारत को विदेशी नेविगेशन सिस्टम पर निर्भरता कम करने में मदद करता है।
NavIC मिशन का हिस्सा है NVS-03
NVS-03 सैटेलाइट भारत के NavIC मिशन का हिस्सा है। NavIC का पूरा नाम नेविगेशन विद इंडियन कॉन्स्टेलेशन (Navigation with Indian Constellation) है। यह ISRO की ओर से विकसित भारत का अपना क्षेत्रीय सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम है।
इसका इस्तेमाल सैन्य और नागरिक दोनों क्षेत्रों में किया जा सकता है। इसके जरिए परिवहन, समुद्री नेविगेशन, आपदा प्रबंधन और लोकेशन आधारित सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ेंः अक्टूबर में ऐसी ठंड पहले कभी नहीं! दिल्ली में 75 साल का रिकॉर्ड टूटा, 20.7°C रहा तापमान






