गाजियाबादः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (5 नवंबर) गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। पदयात्रा से पहले सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे। बीजेपी ने इस कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों के जुटने का दावा किया है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियों में पूरी ताकत लगा दी है।
बीजेपी नेताओं के मुताबिक, इस कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी ने अलग-अलग जिलों से कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में पहुंचाने की जिम्मेदारी मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों को सौंपी है।
दिल्ली-6 मॉल के पास से शुरू होगा कार्यक्रम
राजनगर एक्सटेंशन में दिल्ली-6 मॉल के पास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहीं से मुख्यमंत्री की पदयात्रा शुरू होने की तैयारी है। पदयात्रा से पहले सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को बीजेपी के प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और कार्यकर्ताओं के रूट चार्ट का जायजा लिया।
वहीं, बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने भी बुधवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने राजनगर एक्सटेंशन पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का निरीक्षण किया। पार्टी ने सभी मंडल अध्यक्षों, जिला और महानगर अध्यक्षों समेत अन्य पदाधिकारियों को भीड़ जुटाने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी है।
ये भी पढ़ेंः हरियाणा के स्कूल में छात्रों की दबंगई! जैकेट से सिर ढंककर 11वीं के छात्र को पीटा, सिर फटा; 5 छात्र सस्पेंड
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक 3200 पुलिसकर्मी तैनात
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक करीब 3,200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। वहीं, यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 600 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने राजनगर एक्सटेंशन स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सुरक्षा में DIG रैंक के 2 अधिकारी तैनात
मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा में DIG रैंक के 2, SP रैंक के 5 और ACP रैंक के 8 अधिकारियों को तैनात किया गया है। इनके अलावा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
दोपहर में एयरपोर्ट पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार दोपहर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह राजनगर एक्सटेंशन स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित कर पदयात्रा में शामिल होंगे।
बीजेपी ने इस आयोजन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 50 हजार लोगों की भागीदारी का दावा किया है। अब कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पुलिस-प्रशासन के लिए अहम जिम्मेदारी होगी।






