बस्तर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर में CRPF जवानों के साथ दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि जंगलों में हथियार उठाने वाले नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अब देश को ‘दिमागी नक्सलियों’ से भी लड़ना होगा। पीएम ने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों ने कई राजनीतिक संगठनों में घुसपैठ कर ली है और वे लोगों को संविधान तथा लोकतंत्र के खिलाफ भड़काने का काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी बस्तर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस पहुंचे थे। यहां उन्होंने CRPF जवानों के बीच दिवाली मनाई और करीब 42 मिनट तक उन्हें संबोधित किया। प्रधानमंत्री लगातार 13वीं बार दिवाली पर देश के जवानों के बीच पहुंचे। इससे पहले वे 12 बार अलग-अलग सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में जवानों के साथ दिवाली मना चुके हैं।
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi celebrated #Diwali🪔with security personnel in Bastar, Chhattisgarh
(Source: DD) https://t.co/rL7L7HwHPI
— ANI (@ANI) November 8, 2026
PM मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें
1. देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हुआ
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2026 की दिवाली बेहद खास है। 40-50 साल बाद पहली बार देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। करोड़ों लोगों ने नक्सलवाद के डर को पीछे छोड़ दिया है।
2. एक साल में ड्यूटी के दौरान CRPF का कोई जवान शहीद नहीं हुआ
पीएम ने कहा कि पिछले एक साल में ड्यूटी के दौरान CRPF के किसी जवान की जान नहीं गई। यह सुरक्षा बलों के शौर्य, साहस और सरकार की सही नीतियों की जीत है।
3. पिछली सरकारों ने नक्सलवाद को गंभीरता से नहीं लिया
मोदी ने कहा कि 2004 से 2013 के बीच हर साल नक्सलियों के मुकाबले हमारे ज्यादा जवान शहीद हुए। पिछली सरकारों ने नक्सलवाद को ऐसी बीमारी मान लिया था, जिसका कोई इलाज नहीं है।
4. आंतरिक सुरक्षा मजबूत होना जरूरी
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब किसी देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत होती है, तो बाहरी दुश्मन सफल नहीं हो पाते। लेकिन जब आंतरिक सुरक्षा कमजोर होती है, तो बाहरी दुश्मन भी सिर उठाने लगते हैं।
5. 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
पीएम मोदी ने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12 साल में भारत के 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धि बताया।

ये भी पढ़ेंः पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया, अर्जुन का शतक बेकार; हमजा जाहूर ने दिलाई जीत
‘सही इरादे और नीतियों’ से नक्सलवाद पर जीत मिली: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी लड़ाई में सफलता हासिल करने के लिए सही इरादे और सही नीतियां जरूरी होती हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सरकार ने एक के बाद एक कई कड़े फैसले लिए। कुछ ऐसे कदम भी उठाए गए, जिनकी जानकारी आज भी लोगों को नहीं है।
उन्होंने कहा कि इन फैसलों से नक्सलियों और अलगाववादियों की फंडिंग पर बड़ी चोट की गई। नकली नोटों के नेटवर्क को खत्म किया गया। इससे नक्सलियों की आर्थिक ताकत कमजोर हुई और उनकी सप्लाई लाइन बाधित हो गई। हथियारों की आपूर्ति रुकने के साथ उनकी आवाजाही और भर्ती पर भी रोक लगी।

छत्तीसगढ़ में 1,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी शहीद हुए
प्रधानमंत्री ने नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती बहादुर जवानों के खून से लाल हुई है। दशकों तक लगभग हर दिन कहीं न कहीं नक्सली हमले होते रहे।
उन्होंने कहा कि अकेले छत्तीसगढ़ में 1,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी शहीद हुए। पीएम ने आरोप लगाया कि उस दौरान प्रभावशाली नेताओं की ओर से जवानों की शहादत पर दुख जताने वाली आवाज तक सुनाई नहीं दी।
पीएम ने कहा कि देश के दुश्मनों के सामने यह सोचकर नहीं चला जा सकता कि हालात ऐसे ही बने रहेंगे और हम उन्हें स्वीकार कर लेंगे।

2010 में दंतेवाड़ा हमले में शहीद हुए थे CRPF के 76 जवान
मोदी ने 2004 से 2013 के बीच के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान हर साल नक्सलियों के मुकाबले ज्यादा सुरक्षाकर्मी शहीद हुए। उन्होंने कहा कि एक समय नक्सली हमलों की संख्या सालाना 2,000 तक पहुंच गई थी।
प्रधानमंत्री ने 2010 के दंतेवाड़ा हमले को याद किया। उस साल नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में CRPF के 76 जवान शहीद हुए थे। इसी साल दंतेवाड़ा में एक अन्य घटना में 44 निर्दोष नागरिकों की हत्या कर दी गई थी।
उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने लोगों से वोट डालने का अधिकार तक छीन लिया था। माओवादी आतंक और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई आसान नहीं थी, लेकिन सुरक्षा बलों के साहस और सरकार के प्रयासों से इसमें बड़ी सफलता मिली है।

ये भी पढ़ेंः आज दिवाली पर कितने बजे करें मां लक्ष्मी की पूजा? जानें शुभ मुहूर्त, प्रदोष काल और पूजन विधि






