प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार (17 नवंबर) को फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात होगी। बैठक में जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहेंगे। करीब दो साल बाद क्वाड के चारों देशों के नेता एक साथ बैठक करेंगे।
बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और स्थिरता के साथ समुद्री व्यापारिक रास्तों को सुरक्षित रखने पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा जरूरी खनिजों की सप्लाई और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दे भी एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।
इस बीच, फिलीपींस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे का विरोध भी शुरू हो गया है। राजधानी मनीला में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरकर अमेरिकी नीतियों और ट्रंप की यात्रा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
दो साल बाद एक साथ बैठेंगे क्वाड के नेता
क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसका पूरा नाम क्वाड्रिलेटरल सिक्योरिटी डायलॉग है। इसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा, सहयोग और स्थिरता को मजबूत करना है।
इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अलावा जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल होंगे।
चारों देशों के नेता इससे पहले सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में मिले थे। उस समय तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बैठक की अध्यक्षता की थी। इस दौरान हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र और खुला बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई थी। साथ ही समुद्री सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया था।
क्वाड बैठक में किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
व्हाइट हाउस की असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी ओलिविया वेल्स के मुताबिक, बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होगी।
बैठक में मुख्य रूप से इन मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है:
समुद्री सुरक्षा: हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री व्यापारिक रास्तों को सुरक्षित और खुला रखना।
जरूरी खनिजों की सप्लाई: महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना।
ऊर्जा सुरक्षा: तेल और गैस की सप्लाई बनाए रखने के लिए समुद्री रास्तों की सुरक्षा।
व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा: समुद्र में व्यापारिक जहाजों पर होने वाले हमलों से निपटने के उपाय।
क्षेत्रीय स्थिरता: हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और सहयोग बनाए रखने के लिए साझा रणनीति तैयार करना।
फिलीपींस पहुंचने पर मोदी का हुआ स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित आसियान गाला डिनर में हिस्सा लिया।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस की पारंपरिक पुरुष पोशाक ‘बारोंग टैगलॉग’ पहने नजर आए। वह कार्यक्रम में खास तौर पर तैयार की गई टुक-टुक से पहुंचे।
मोदी मंगलवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में भी शामिल होंगे।
आसियान समिट में खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा पर होगी चर्चा
इस बार आसियान समिट में खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, क्षेत्रीय शांति, प्रवासी मजदूरों और अंतरराष्ट्रीय अपराध जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है। वहीं, दक्षिण चीन सागर में चीन और आसियान देशों के बीच विवाद भी सम्मेलन के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
तनाव कम करने के लिए चीन और आसियान देश दक्षिण चीन सागर को लेकर आचार संहिता बनाने पर बातचीत कर रहे हैं। इसके करीब 80 प्रतिशत मसौदे पर सहमति बन चुकी है, हालांकि कुछ मुद्दों पर अभी मतभेद बने हुए हैं।
भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का अहम साझेदार है आसियान
भारत के लिए आसियान दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ व्यापार, कूटनीति और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का उद्देश्य भी इस क्षेत्र के देशों के साथ संबंधों को मजबूत करना है।
भारत चाहता है कि आसियान देशों के साथ व्यापार बढ़े, सड़क और समुद्री संपर्क बेहतर हों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम किया जाए। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना भी भारत की प्राथमिकताओं में शामिल है।
भारत और आसियान ने 2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। साल 2027 में दोनों के बीच संवाद संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के 5 साल पूरे होंगे।
ये भी पढ़ेंः SIR का आदेश किसने दिया? कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किए 48 सवाल, तीनों चुनाव आयुक्तों से अलग-अलग जवाब की मांग






