Double Blast in Punjab: पंजाब में एक ही रात में दो अलग-अलग जगहों पर हुए धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पहला धमाका जालंधर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के पंजाब मुख्यालय के बाहर हुआ, जबकि कुछ ही घंटों बाद अमृतसर के खासा इलाके में आर्मी कैंप के पास विस्फोट की खबर सामने आई।
जालंधर में रात करीब 8:15 बजे बीएसएफ हेडक्वार्टर के गेट के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक धमाका हुआ। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
VIDEO | Punjab: Latest visuals from near BSF Chowk in Jalandhar where a parked scooter caught fire on Tuesday evening. Locals claimed they heard a blast-like sound from the vehicle. Investigations underway.
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/YgkIpsdE0I
— Press Trust of India (@PTI_News) May 6, 2026
इस घटना की जिम्मेदारी खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने ली है। संगठन की ओर से जारी कथित पत्र में दो BSF जवानों की मौत और तीन के घायल होने का दावा किया गया, लेकिन अधिकारियों ने इसे गलत बताया है। पत्र में यह भी कहा गया कि यह हमला फरवरी में गुरदासपुर में मारे गए रणजीत सिंह की मौत का बदला है, जो एक हत्या के मामले में आरोपी था।
जालंधर की घटना के कुछ घंटों बाद रात करीब 10:30 बजे अमृतसर के खासा इलाके में आर्मी कैंप के पास जोरदार धमाका हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार धमाके की आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और इसकी तीव्रता से आसपास की दीवारें तक हिल गईं।
दोनों घटनाओं के बाद सेना, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। फॉरेंसिक टीमों को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के इलाकों को घेरकर जांच की जा रही है।
जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि शुरुआती जांच में स्कूटी में आग लगने की बात सामने आई है, जो वहां काम करने वाले एक व्यक्ति की बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि हर पहलू से जांच की जा रही है।
फिलहाल दोनों धमाकों में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हैं या अलग-अलग। इन घटनाओं के बाद पूरे पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।






