NEET पेपर लीक विवाद: आज CJP-सरकार के बीच तीसरे दौर की बातचीत, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा संगठन; दिल्ली में सख्ती बढ़ी

NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को लेकर जारी आंदोलन के बीच शनिवार को केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच तीसरे दौर की अहम बातचीत होने जा रही है। यह बैठक दोपहर 3:30 बजे प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस बैठक में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सरकार अपना अंतिम रुख स्पष्ट कर सकती है। दूसरी ओर CJP ने साफ कर दिया है कि वह इस मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।

दूसरे दौर की बैठक में रखी गईं मांगें

शुक्रवार को हुई दूसरे दौर की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि CJP ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें और परीक्षा प्रणाली में सुधार से जुड़े पांच सुझाव रखे हैं। सरकार इन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर रही है और तीसरे दौर की बैठक में इन पर विस्तृत चर्चा होगी।

वहीं CJP के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। उनका कहना है कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक परीक्षा व्यवस्था में भरोसा बहाल नहीं हो सकता।

सरकार ने नहीं की मुआवजे और केस वापस लेने की पुष्टि

CJP नेताओं ने दावा किया है कि सरकार ने आंदोलन के दौरान आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग पर सैद्धांतिक सहमति जता दी है। हालांकि, केंद्र सरकार ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सरकारी सूत्रों का कहना है कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का फिलहाल कोई सवाल नहीं है। सरकार का मानना है कि पद छोड़ने के बजाय परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार कर जिम्मेदारी निभाना अधिक जरूरी है।

‘सिर्फ मंत्रियों के हाथों अनशन नहीं तोड़ना चाहता था’: सोनम वांगचुक

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने एक नया वीडियो संदेश जारी कर बताया कि वह केवल केंद्रीय मंत्रियों के हाथों अपना अनशन समाप्त नहीं करना चाहते थे। उन्होंने कहा, “मैंने अनुरोध किया था कि विभिन्न राजनीतिक दलों के अधिक से अधिक सांसद, CJP के हमारे छात्र नेता और लद्दाख से यहां आए प्रतिनिधि भी मौजूद रहें, ताकि मैं उन सभी की उपस्थिति में अपना अनशन समाप्त कर सकूं।”

ये भी पढ़ेंः

वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म कराने में कांग्रेस सांसद का रोल! 3 दिन चली पर्दे के पीछे बातचीत, प्रधान के इस्तीफे की मांग पीछे छूटी

CJP ने सरकार पर साधा निशाना

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “मुझे नहीं पता कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धर्मेंद्र प्रधान में ऐसा कौन-सा हुनर नजर आता है कि उन्हें बचाने के लिए पूरी दिल्ली की व्यवस्था ही अस्त-व्यस्त कर दी गई है।” उनका आरोप है कि सरकार एक मंत्री को बचाने के लिए पूरी राजधानी में कड़ी पाबंदियां लगा रही है, जबकि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा।

दिल्ली में प्रदर्शन के बीच सुरक्षा कड़ी

तीसरे दौर की बातचीत से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग की है। बैरिकेड्स को मजबूत जंजीरों से आपस में जोड़ा गया है और उन्हें वेल्डिंग कर और अधिक मजबूत बनाया गया है, ताकि प्रदर्शनकारियों की आवाजाही नियंत्रित की जा सके। इसके अलावा, पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है।

प्रदर्शन और संभावित भीड़ को देखते हुए दिल्ली सरकार ने पुलिस की सलाह पर शनिवार और रविवार को सभी शराब दुकानों को रात 8 बजे तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। सामान्य दिनों में ये दुकानें रात 10 बजे तक खुली रहती हैं। गुरुवार को भी कई इलाकों में बिना पूर्व सूचना के शराब की दुकानें समय से पहले बंद कराई गई थीं।

इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से शनिवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। इनमें लोक कल्याण मार्ग, जनपथ, पटेल चौक, सुप्रीम कोर्ट और राजीव चौक जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

NTA में अधिकारियों को हटाने का दावा

इस बीच शुक्रवार शाम खबर सामने आई कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 47 अधिकारियों को हटाया है और कुछ के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। हालांकि संसद में सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार NTA के 39 स्वीकृत स्थायी पदों में से केवल 24 पद ही भरे हुए हैं, जबकि 15 पद खाली हैं।

एजेंसी का अधिकांश काम 73 संविदा और 124 आउटसोर्स कर्मचारियों के जरिए संचालित हो रहा है। यानी कुल 221 कर्मचारियों में करीब 89 प्रतिशत नियमित कर्मचारी नहीं हैं। वहीं सरकार ने हाल ही में NTA को मजबूत करने के लिए निदेशक और संयुक्त निदेशक स्तर के 16 नए पद सृजित करने की जानकारी भी संसद में दी है।

देशभर में जारी है आंदोलन

नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में शुक्रवार को 15 से अधिक राज्यों के करीब 30 शहरों में प्रदर्शन हुए। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पटना, भोपाल, गुवाहाटी और आइजोल समेत कई शहरों में रैलियां निकाली गईं। लखनऊ में भी छात्र संगठनों, युवाओं और वकीलों ने प्रदर्शन कर परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही तय करने और सुधारों की मांग की। इस आंदोलन को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी समर्थन दिया।

कोलकाता में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हुई, जबकि मुंबई में करीब 400 और पटना में 56 लोगों को हिरासत में लिया गया। देशभर में अब तक इस मामले में 30 FIR दर्ज की जा चुकी हैं।

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला

इस बीच, तेलंगाना के संगारेड्डी में टीपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर कैंडल मार्च निकाला और राहुल गांधी की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक से छात्रों का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा टूट गया है। रेड्डी ने कहा कि राहुल गांधी शुरुआत से ही इस मुद्दे को उठा रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों की चिंताओं पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया है।

संजय राउत ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई

इस बीच, महाराष्ट्र में नीट पेपर लीक मामले को लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में आयोजित तिरंगा रैली में शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अब दिल्ली तक पहुंच चुका है और जब राष्ट्रीय हित के मुद्दे पर बड़ी संख्या में लोग एकजुट होकर आवाज उठाते हैं, तो सरकार को उनकी बात सुननी पड़ती है। राउत ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना ही होगा।

मुंबई में यूथ कांग्रेस ने आंदोलन को दिया समर्थन

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में आयोजित तिरंगा रैली में मुंबई यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन ने कहा कि यूथ कांग्रेस नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और छात्रों की मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।

ये भी पढ़ेंः

हिमाचल में चलती कार पर गिरीं चट्टानें, 13 लोगों की मौत; मृतकों में 6 महीने की बच्ची, एक शव की पहचान नहीं
Spread the love

Varun Srivastava

वरुण श्रीवास्तव वर्तमान में न्यूज प्लस लाइव में कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर डिजिटल टीम के सक्रिय सदस्य हैं। उनके पास डिजिटल, वेब और ब्रॉडकास्ट पत्रकारिता में 13 वर्षों का अनुभव है। न्यूज प्लस लाइव से पहले, उन्होंने 4Real News, Network18, Sun Star और लोकतंत्र मीडिया जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए अपनी पत्रकारिता की पहचान बनाई।

Related Posts

‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, ओपनिंग डे पर 66.75 करोड़ की कमाई; ‘पठान’ को पीछे छोड़ा

Drishyam 3 Box Office Collection: अजय देवगन की मचअवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। फिल्म ने पहले ही दिन कमाई के मामले में बड़ा…

Spread the love

Continue reading
गुवाहाटी में नाइटक्लब में विवाद के बाद महिला से बदसलूकी, पार्किंग में कपड़े उतारकर पीटा; पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लिया, वीडियो वायरल

Guwahati Nightclub Viral Video: असम के गुवाहाटी के खानापारा इलाके में एक नाइटक्लब में महिला के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लब में विवाद के बाद महिला…

Spread the love

Continue reading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, ओपनिंग डे पर 66.75 करोड़ की कमाई; ‘पठान’ को पीछे छोड़ा

‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, ओपनिंग डे पर 66.75 करोड़ की कमाई; ‘पठान’ को पीछे छोड़ा

गुवाहाटी में नाइटक्लब में विवाद के बाद महिला से बदसलूकी, पार्किंग में कपड़े उतारकर पीटा; पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लिया, वीडियो वायरल

गुवाहाटी में नाइटक्लब में विवाद के बाद महिला से बदसलूकी, पार्किंग में कपड़े उतारकर पीटा; पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लिया, वीडियो वायरल

एशियन गेम्स फाइनल में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर, 383 दिन बाद आमने-सामने, पिछले 6 टी-20 में पाकिस्तान से नहीं हारा भारत

एशियन गेम्स फाइनल में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर, 383 दिन बाद आमने-सामने, पिछले 6 टी-20 में पाकिस्तान से नहीं हारा भारत

पीएम मोदी से कैप्टन स्मित ने कहा- घायल था, लेकिन हिम्मत नहीं हारी; बोले- विमान गिर रहा था, आखिरी मौका था

पीएम मोदी से कैप्टन स्मित ने कहा- घायल था, लेकिन हिम्मत नहीं हारी; बोले- विमान गिर रहा था, आखिरी मौका था

ओलंपियन हॉकी कप्तान से कांग्रेस अध्यक्ष तक, जानिए कौन हैं परगट सिंह, जिन्हें मिली पंजाब कांग्रेस की बड़ी जिम्मेदारी

ओलंपियन हॉकी कप्तान से कांग्रेस अध्यक्ष तक, जानिए कौन हैं परगट सिंह, जिन्हें मिली पंजाब कांग्रेस की बड़ी जिम्मेदारी

जंतर-मंतर के 68 दिन बाद मुंबई में CJP का प्रदर्शन, SIR का विरोध; ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

जंतर-मंतर के 68 दिन बाद मुंबई में CJP का प्रदर्शन, SIR का विरोध; ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग