कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: गुलवीर ने रचा इतिहास, हरजिंदर का सिल्वर; बॉक्सिंग में भारत के 3 मेडल पक्के

Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में दो रजत पदक डाले। एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में ऐतिहासिक सिल्वर मेडल जीतकर नया अध्याय लिख दिया। वहीं, महिला वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा बॉक्सिंग में भारत के तीन मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर चुके हैं।

हालांकि दो नए रजत पदक मिलने के बावजूद भारत पदक तालिका में सातवें स्थान से फिसलकर नौवें नंबर पर पहुंच गया है। भारत के खाते में अब तक 2 स्वर्ण सहित कुल 12 पदक आ चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया 35 गोल्ड और कुल 80 पदकों के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है।

10,000 मीटर में गुलवीर ने रचा इतिहास

पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने 27 मिनट 49.78 सेकेंड का समय निकालते हुए सिल्वर मेडल जीत लिया। कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले वह पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।

ग्लासगो के स्कॉटस्टाउन स्टेडियम में बारिश और गीले ट्रैक के बीच हुई इस चुनौतीपूर्ण रेस में गुलवीर ने शानदार धैर्य दिखाया। अंतिम लैप शुरू होने तक वह चौथे स्थान पर थे, लेकिन आखिरी दौर में तेज रफ्तार पकड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गए। ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन ने गोल्ड जबकि आइल ऑफ मैन के धावक ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।

सेना में भर्ती की तैयारी से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिरसा गांव के रहने वाले 27 वर्षीय गुलवीर सिंह भारतीय सेना में नायब सूबेदार हैं। उन्होंने शुरुआत में सेना में भर्ती होने के उद्देश्य से दौड़ लगाना शुरू किया था। वर्ष 2018 में ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में शामिल होने के बाद उन्होंने लंबी दूरी की दौड़ को गंभीरता से अपनाया।

गुलवीर ने 2023 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5,000 मीटर का कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। इसके बाद एशियन गेम्स में भी 10,000 मीटर में ब्रॉन्ज जीता। 2025 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 5,000 और 10,000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में गोल्ड जीतकर इतिहास रचा। उनके नाम 5,000 मीटर, 10,000 मीटर, एक मील और हाफ मैराथन के भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी दर्ज हैं।

हरजिंदर कौर ने दिलाया दूसरा सिल्वर

महिला वेटलिफ्टिंग की 69 किलोग्राम स्पर्धा में हरजिंदर कौर ने कुल 227 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 101 किलोग्राम वजन उठाकर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि क्लीन एंड जर्क में 126 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया।

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक कनाडा की चार्लोट सिमोन्यू ने 240 किलोग्राम कुल वजन के साथ जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया की नया फीबी हेमैन को ब्रॉन्ज मिला।

कबड्डी से वेटलिफ्टिंग तक का सफर

पंजाब के नाभा के महेश गांव की रहने वाली हरजिंदर कौर ने अपने खेल जीवन की शुरुआत कबड्डी और रस्साकशी से की थी। उनके कोच परविंदर शर्मा ने उनकी ताकत को देखते हुए उन्हें वेटलिफ्टिंग अपनाने की सलाह दी। ग्रामीण परिवेश में चारा काटने वाली मशीन के भारी लोहे के पहियों को चलाने से उनकी शारीरिक क्षमता और मजबूत हुई।

2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज जीतने वाली हरजिंदर ने इस बार सिल्वर जीतकर अपने प्रदर्शन में सुधार किया और अब उनका अगला लक्ष्य गोल्ड मेडल है।

ये भी पढ़ेंः

मीराबाई चानू ने भारत को दिलाया कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का पहला गोल्ड, 190kg उठाकर बनाया गेम्स रिकॉर्ड

वेटलिफ्टिंग में भारत के सात पदक

हरजिंदर कौर के सिल्वर के साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टिंग में भारत के कुल सात पदक हो गए हैं। इससे पहले मीराबाई चानू ने गोल्ड, ऋषिकांत सिंह, ज्ञानेश्वरी यादव, राजा मुथुपांडी और अजय बाबू ने सिल्वर, जबकि बिंदियारानी देवी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

मणिपुर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। मीराबाई चानू, ऋषिकांत सिंह और बिंदियारानी देवी अब तक भारत के लिए तीन पदक जीत चुके हैं।

बॉक्सिंग में तीन पदक पक्के

भारतीय मुक्केबाजों ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखा। महिला वर्ग में प्रीति पवार और प्रिया घांघस, जबकि पुरुष वर्ग में जादूमणि ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही तीनों ने भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया है।

महिला 60 किलोग्राम वर्ग में प्रिया घांघस ने स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। प्रिया ने पूरे मुकाबले में आक्रामक खेल दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वी पर दबदबा बनाए रखा और शानदार जीत के साथ भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित कर दिया।

वहीं, प्रीति पवार ने महिला 54 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ उन्होंने भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया है।

दूसरी ओर, पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में जादूमणि ने जाम्बिया के म्वेंगो म्वाले को 5-0 से शिकस्त देकर अंतिम चार में जगह बनाई।

कॉमनवेल्थ गेम्स की बॉक्सिंग स्पर्धा में सेमीफाइनल में पहुंचने वाले सभी खिलाड़ियों का कम से कम कांस्य पदक तय हो जाता है। अब तीनों भारतीय मुक्केबाज 31 जुलाई को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर फाइनल और स्वर्ण पदक की दौड़ में जगह बनाने के इरादे से उतरेंगे।

निरुपमा देवी पदक से चूकीं

महिला 63 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में भारत की निरुपमा देवी सेरम पदक जीतने से चूक गईं। उन्होंने स्नैच में 93 किलोग्राम वजन उठाकर पांचवां स्थान हासिल किया था, लेकिन क्लीन एंड जर्क में 123 किलोग्राम वजन उठाने के तीनों प्रयास असफल रहे। इसके चलते उन्हें कोई अंक नहीं मिला और वह पदक की दौड़ से बाहर हो गईं।

एथलेटिक्स और स्विमिंग में भी अच्छी शुरुआत

एथलेटिक्स में विशाल टीके ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में अपनी हीट में दूसरा स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। हालांकि राजेश रमेश अगले दौर में जगह बनाने से चूक गए।

स्विमिंग में श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया। वहीं साजन प्रकाश 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में बाहर हो गए। पैरा स्विमिंग में कार्तिक बुडीगिना और अली इमाम ने पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल S13 वर्ग के फाइनल में जगह बना ली।

भारतीय दल का शानदार प्रदर्शन जारी है और अब उम्मीदें बॉक्सिंग, एथलेटिक्स तथा अन्य स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने पर टिकी हैं।

ये भी पढ़ेंः

लोकसभा में शिक्षा मंत्री पर घमासान: राहुल-प्रियंका का प्रह्लाद जोशी पर हमला, भाजपा ने कहा- चरित्र हनन
Spread the love

Related Posts

एशियन गेम्स फाइनल में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर, 383 दिन बाद आमने-सामने, पिछले 6 टी-20 में पाकिस्तान से नहीं हारा भारत

IND vs PAK Final: एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट का फाइनल आज भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें पहली बार एशियन गेम्स के फाइनल में आमने-सामने होंगी। मुकाबला जापान के…

Spread the love

Continue reading
2027 वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी, 10 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान की टक्कर; 14 टीमें और 57 मैच

ICC ODI World Cup 2027: ICC ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल जारी कर दिया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027 से होगी, जबकि फाइनल 21 नवंबर 2027 को खेला जाएगा।…

Spread the love

Continue reading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, ओपनिंग डे पर 66.75 करोड़ की कमाई; ‘पठान’ को पीछे छोड़ा

‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, ओपनिंग डे पर 66.75 करोड़ की कमाई; ‘पठान’ को पीछे छोड़ा

गुवाहाटी में नाइटक्लब में विवाद के बाद महिला से बदसलूकी, पार्किंग में कपड़े उतारकर पीटा; पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लिया, वीडियो वायरल

गुवाहाटी में नाइटक्लब में विवाद के बाद महिला से बदसलूकी, पार्किंग में कपड़े उतारकर पीटा; पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लिया, वीडियो वायरल

एशियन गेम्स फाइनल में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर, 383 दिन बाद आमने-सामने, पिछले 6 टी-20 में पाकिस्तान से नहीं हारा भारत

एशियन गेम्स फाइनल में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर, 383 दिन बाद आमने-सामने, पिछले 6 टी-20 में पाकिस्तान से नहीं हारा भारत

पीएम मोदी से कैप्टन स्मित ने कहा- घायल था, लेकिन हिम्मत नहीं हारी; बोले- विमान गिर रहा था, आखिरी मौका था

पीएम मोदी से कैप्टन स्मित ने कहा- घायल था, लेकिन हिम्मत नहीं हारी; बोले- विमान गिर रहा था, आखिरी मौका था

ओलंपियन हॉकी कप्तान से कांग्रेस अध्यक्ष तक, जानिए कौन हैं परगट सिंह, जिन्हें मिली पंजाब कांग्रेस की बड़ी जिम्मेदारी

ओलंपियन हॉकी कप्तान से कांग्रेस अध्यक्ष तक, जानिए कौन हैं परगट सिंह, जिन्हें मिली पंजाब कांग्रेस की बड़ी जिम्मेदारी

जंतर-मंतर के 68 दिन बाद मुंबई में CJP का प्रदर्शन, SIR का विरोध; ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

जंतर-मंतर के 68 दिन बाद मुंबई में CJP का प्रदर्शन, SIR का विरोध; ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग