Women’s Asia Cup 2026: भारत ने विमेंस एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर 8वीं बार एशिया कप ट्रॉफी पर कब्जा किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा एक बार फिर साबित किया।
हालांकि, खिताब जीतने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में भारतीय टीम ने ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रेसिडेंट और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी प्रेजेंटेशन के लिए मंच पर पहुंचे थे। उन्होंने श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मेडल दिए और कप्तान चमारी अटापट्टु को रनर-अप चेक सौंपा। इसके बाद भारतीय टीम की ट्रॉफी से जुड़ी प्रस्तुति नहीं हुई और सेरेमनी समाप्त कर दी गई।
स्मृति-शेफाली ने रचा इतिहास
फाइनल में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की। यह महिला टी-20 एशिया कप के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
दोनों ने महिला टी-20 इंटरनेशनल में अपनी छठी शतकीय साझेदारी भी पूरी की। इसके साथ उन्होंने यूएई की ईशा ओजा और तीर्था सतीश की जोड़ी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
शेफाली ने भी फाइनल में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ वह महिला टी-20 एशिया कप में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाली बल्लेबाज बन गईं।
ये भी पढ़ेंः शाह बोले- 2029 तक 21 राज्यों में लागू होगा UCC, कहा- हर अवैध घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे
भारत ने टूर्नामेंट में लगाए सबसे ज्यादा छक्के
पूरे एशिया कप में भारतीय टीम के बल्लेबाजों का आक्रामक अंदाज देखने को मिला। भारत ने टूर्नामेंट में कुल 32 छक्के लगाए, जो सभी टीमों में सबसे ज्यादा रहे। श्रीलंका 8 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
श्री चरणी ने गेंद से किया कमाल
भारतीय गेंदबाज श्री चरणी ने फाइनल में शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही वह महिला टी-20 एशिया कप फाइनल में चार विकेट लेने वाली तीसरी गेंदबाज बन गईं।
श्री चरणी ने 2026 में अब तक 39 टी-20 विकेट हासिल कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी-20 विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने पूनम यादव के 35 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
शेफाली ने 2026 में बनाए 675 रन
शेफाली वर्मा ने इस साल टी-20 क्रिकेट में अब तक 675 रन बनाए हैं। वह एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाने वाली भारतीय खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस मामले में स्मृति मंधाना 2024 में बनाए गए 763 रन के साथ पहले स्थान पर हैं।
इस तरह भारत ने श्रीलंका को हराकर न सिर्फ 8वीं बार विमेंस एशिया कप का खिताब जीता, बल्कि फाइनल और पूरे टूर्नामेंट में कई व्यक्तिगत और टीम रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।
ये भी पढ़ेंः BRICS डिनर में नॉन-वेज क्यों नहीं? राहुल गांधी के सवाल पर रिजिजू का पलटवार, बोले- कांग्रेस खाने पर भी कर रही राजनीति






