नई दिल्ली: दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं को आज यानी 12 नवंबर से ज्यादा कीमत चुकानी होगी। अमूल और मदर डेयरी ने दूध की अलग-अलग वैरायटी के दाम बढ़ा दिए हैं। दोनों कंपनियों की नई कीमतें आज से लागू हो गई हैं। अमूल गोल्ड का एक लीटर पैकेट अब 70 रुपए की जगह 74 रुपए में मिलेगा, जबकि मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध 72 रुपए से बढ़कर 76 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
अमूल ने दूध की कीमतों में 1 से 4 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। वहीं, मदर डेयरी ने अलग-अलग वैरायटी के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं। दोनों कंपनियों ने करीब छह महीने में दूसरी बार दूध की कीमतों में इजाफा किया है। इससे पहले 14 मई 2026 को भी दूध के दाम बढ़ाए गए थे।
नई कीमतें लागू होने के बाद अब उपभोक्ताओं को दूध खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। आइए जानते हैं अमूल और मदर डेयरी के दूध की पुरानी और नई कीमतें।
अमूल दूध की नई कीमतें, गोल्ड 4 रुपए महंगा
अमूल ने ताजा और गोल्ड दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी की नई रेट लिस्ट के मुताबिक, 500 मिलीलीटर और एक लीटर दोनों पैकिंग के दाम बढ़ाए गए हैं। अमूल गोल्ड की एक लीटर पैकिंग पर सबसे ज्यादा 4 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।
| वैरायटी | पैकेट | पुराने दाम | नए दाम | बढ़ोतरी |
| ताजा | 500 ml | ₹29 | ₹30 | ₹1 |
| ताजा | 1 लीटर | ₹57 | ₹59 | ₹2 |
| गोल्ड | 500 ml | ₹35 | ₹37 | ₹2 |
| गोल्ड | 1 लीटर | ₹70 | ₹74 | ₹4 |
नई कीमतों के बाद अमूल ताजा का 500 मिलीलीटर पैकेट 30 रुपए और एक लीटर पैकेट 59 रुपए में मिलेगा। वहीं, अमूल गोल्ड का 500 मिलीलीटर पैकेट 37 रुपए और एक लीटर पैकेट 74 रुपए का हो गया है।
मदर डेयरी का दूध भी हुआ महंगा, फुल क्रीम ₹76 प्रति लीटर
मदर डेयरी ने भी दूध की अलग-अलग वैरायटी की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। कंपनी की नई रेट लिस्ट के मुताबिक, फुल क्रीम दूध (पाउच) 72 रुपए से बढ़कर 76 रुपए प्रति लीटर हो गया है। गाय का दूध अब 62 रुपए की जगह 65 रुपए प्रति लीटर मिलेगा।
वहीं, टोंड दूध (पाउच) की कीमत 60 रुपए से बढ़कर 62 रुपए और टोंड दूध की कीमत 58 रुपए से बढ़कर 60 रुपए प्रति लीटर हो गई है। डबल टोंड दूध भी 54 रुपए से बढ़कर 56 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
| दूध की वैरायटी | पुराने दाम | नए दाम | बढ़ोतरी |
| फुल क्रीम दूध (पाउच) | ₹72 | ₹76 | ₹4 |
| गाय का दूध | ₹62 | ₹65 | ₹3 |
| टोंड दूध (पाउच) | ₹60 | ₹62 | ₹2 |
| टोंड दूध | ₹58 | ₹60 | ₹2 |
| डबल टोंड दूध | ₹54 | ₹56 | ₹2 |
मदर डेयरी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की लागत में काफी बढ़ोतरी हुई है। दूध की खरीद और अन्य खर्चों में तेजी आने से कंपनी पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। इसी वजह से कंपनी ने दूध की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की है। लागत में हुई वृद्धि का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया था। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
ये भी पढ़ेंः कल से महंगा मिलेगा अमूल और मदर डेयरी का दूध, जानिए अब कितनी होगी कीमत; 6 महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
अमूल ने चारा और उत्पादन लागत बढ़ने को बताया वजह
अमूल ब्रांड की मुख्य कंपनी गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने कीमतें बढ़ाने के पीछे दूध उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत में बढ़ोतरी को वजह बताया है।
कंपनी के मुताबिक, इस साल हरे और सूखे चारे के साथ पशु आहार में इस्तेमाल होने वाली खली, मक्का और शीरे की कीमतें बढ़ी हैं। इसके अलावा दूध की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली फिल्म और ईंधन भी महंगा हुआ है।
GCMMF ने कहा कि गुजरात और देश के कई हिस्सों में कम और अनियमित बारिश के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। ऐसे में दूध उत्पादकों को बेहतर कीमत देने और मुश्किल समय में उनका साथ देने के लिए उपभोक्ताओं के लिए दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
छह महीने में दूसरी बार बढ़े दूध के दाम
अमूल और मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब 12 नवंबर को एक बार फिर दोनों कंपनियों ने दाम बढ़ा दिए हैं। यानी करीब छह महीने के भीतर उपभोक्ताओं को दूसरी बार महंगे दूध का सामना करना पड़ रहा है।
इस बढ़ोतरी का असर खासतौर पर दिल्ली-NCR के उन परिवारों पर पड़ेगा, जो रोजाना अमूल और मदर डेयरी के पैकेट वाले दूध का इस्तेमाल करते हैं।
दूध के अलग-अलग वेरिएंट का क्या मतलब है?
दूध खरीदते समय आपने फुल क्रीम, टोंड और डबल टोंड जैसे नाम जरूर सुने होंगे। इन सभी में फैट की मात्रा अलग-अलग होती है।
फुल क्रीम मिल्क: इसमें कम से कम 6% फैट होता है। यह ज्यादा गाढ़ा होता है।
टोंड मिल्क: इसमें फैट की मात्रा लगभग 3% होती है।
डबल टोंड मिल्क: इसमें फैट लगभग 1.5% होता है। यह अपेक्षाकृत कम फैट वाला दूध है।
बल्क टोंड मिल्क: यह मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर सीधे मिलने वाला टोंड दूध है।
1974 में हुई थी मदर डेयरी की शुरुआत
मदर डेयरी की शुरुआत 1974 में हुई थी। यह नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की सब्सिडियरी कंपनी के रूप में काम करती है।
कंपनी अपनी दूध बिक्री से होने वाली कमाई का 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है। दिल्ली-NCR में मदर डेयरी अपने आउटलेट्स, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। वहीं, इसकी कुल दैनिक दूध बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा है।
इस तरह अमूल और मदर डेयरी की ओर से कीमतें बढ़ाए जाने के बाद आज से उपभोक्ताओं को दूध खरीदने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।
ये भी पढ़ेंः ‘हम तुम्हें छोड़ेंगे नहीं…’ कुलगाम हमले से पहले CRPF जवानों को धमकाने वाला लड़का कौन? तलाश में जुटी पुलिस






