रूस भारतीय सेना के T-90S ‘भीष्म’ टैंकों के लिए 125 एमएम के उन्नत ‘मैंगो-M’ (Mango-M) गोला-बारूद के उत्पादन को लेकर भारत के साथ बातचीत कर रहा है। इस नए संस्करण में पहले के मुकाबले अधिक कवच भेदने की क्षमता, बेहतर सटीकता और उन्नत एयरोडायनामिक्स होने का दावा किया गया है। इसका उत्पादन भारत में बढ़ाने के लिए रूसी तकनीक और सहयोग का प्रस्ताव दिया गया है।
भारत और रूस ने वर्ष 2024 में 125 एमएम के ‘मैंगो’ टैंक गोला-बारूद के संयुक्त उत्पादन के लिए एक जॉइंट वेंचर शुरू किया था। इस परियोजना का उद्देश्य भारत में आर्मर-पियर्सिंग फिन-स्टेबलाइज्ड डिस्कार्डिंग सैबोट (APFSDS) प्रोजेक्टाइल वाले गोले तैयार करना है। यह पहल केंद्र सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के तहत रक्षा उत्पादन को देश में बढ़ावा देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
रूसी रक्षा निर्यात एजेंसी ‘रोसोबोरोनएक्सपोर्ट’ के अनुसार, भारत में मौजूदा ‘मैंगो’ गोला-बारूद का उत्पादन रूसी तकनीकी सहयोग से बढ़ाया जा रहा है। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए नई उत्पादन क्षमताएं भी विकसित की जा रही हैं। एजेंसी ने कहा है कि अगले चरण में भारत में उन्नत ‘मैंगो-M’ राउंड्स का उत्पादन शुरू किया जा सकता है। इसके लिए मौजूदा भारतीय उत्पादन केंद्रों पर अतिरिक्त तकनीकी उपकरण और मशीनरी लगाने की जरूरत होगी।
ये भी पढ़ेंः मां को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुए CM योगी, पार्थिव शरीर को दिया कंधा; हरिद्वार में हुआ अंतिम संस्कार
क्या है Mango-M की खासियत?
मैंगो-M गोला-बारूद को मौजूदा मैंगो राउंड्स का उन्नत संस्करण बताया जा रहा है। इसमें अधिक कवच भेदने की क्षमता, बेहतर सटीकता और उन्नत एयरोडायनामिक्स जैसी खूबियां हैं। खास बात यह है कि इन नए राउंड्स का इस्तेमाल मौजूदा T-90S ‘भीष्म’ टैंकों की तोपों से किया जा सकेगा। इसके लिए टैंक की तोपों में अलग से आधुनिकीकरण करने की जरूरत नहीं होगी।
भारत में बन चुके हैं 1,000 से ज्यादा T-90S टैंक
भारत और रूस के बीच वर्ष 2001 में हुए समझौते के बाद भारतीय सेना के लिए T-90S टैंकों का निर्माण शुरू हुआ था। तमिलनाडु के चेन्नई स्थित अवाडी की हैवी व्हीकल्स फैक्ट्री (HVF) में इन टैंकों का लाइसेंस के तहत उत्पादन किया जाता है। T-90S को भारतीय सेना में ‘भीष्म’ नाम दिया गया है और यह सेना के प्रमुख मुख्य युद्धक टैंकों में शामिल है।
ये भी पढ़ेंः पाकिस्तान के मंत्री के भारत पहुंचने पर विपक्ष भड़का, PM मोदी के न्योते पर उठाए सवाल






